हुडा बिजली निगम की बिजली लगातार चोरी कर रहा है। बिजली निगम के अधिकारियों की इसमें मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। पिछले दस दिनों से सेक्टर 33 में बिना बिजली मीटर यानी वैध कनेक्शन के ही पूरे सेक्टर को जगमग किया हुआ है। हैरानी की बात है पूरे सेक्टर में दिन रात स्ट्रीट लाइटें जल रही हैं। दिन में उनका कोई स्विच ऑफ करने वाला तक नहीं है। ऐसा ही हाल सेक्टर 1-4 रोड पर है। बिजली निगम ने करीब 30 लाख रुपये की बकाया पेमेंट न देने पर हुडा का मीटर उखाड़ लिया था। हुडा ने मीटर उखाड़ने के बाद डायरेक्ट कनेक्शन कर स्ट्रीट लाइटें जला दी। उस वक्त मामला निगम अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया था मगर बिजली निगम के अधिकारियों ने आज तक उसको लेकर भी कोई कार्रवाई नहीं की।
रिटायर्ड इंजीनियर बोले - बिजली निगम के अधिकारियों की मिलीभगत
रिटायर्ड बिजली निगम एक्सईएन सीबी गुप्ता ने कहा कि इस मामले में बिजली निगम के अधिकारियों की मिलीभगत स्पष्ट है। हुडा अधिकारी ऐसे ही डायरेक्ट कुंडी कनेक्शन नहीं लगा सकते। उन्होंने कहा कि हुडा बिजली चोरी कर रहा है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। साथ ही हुडा पर पेनल्टी लगनी चाहिए।
प्लॉट होल्डर्स को पजेशन देने के लिए किया जा रहा है खेल
हुडा सेक्टर 14 पार्ट टू व सेक्टर 33 की पजेशन देने के लिए ऐसा खेल खेल रहा है। प्लॉट होल्डर्स आपत्ति न जताएं इसको लेकर उन्होंने स्ट्रीट लाइट कनेक्शन चोरी से बिजली निगम की लाइन में जोड़ दिए। सेक्टर 14 में रहने वाले वासियों का कहना है कि हुडा अधिकारी अपनी गलती छिपाने के चक्कर में ऐसा कर रहे हैं।
सेक्टर 33 व 14 पार्ट टू में लाइटें डायरेक्ट जोड़ी गई है ये मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो गैर कानूनी है। इसकी जांच करवाएंगे और पेनल्टी लगाई जाएगी। जिम्मेवार लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो सकती है।
- एसएस सांगवान, एक्सईएन