एचएयू के कौल स्थित कृषि कॉलेज को आईसीएआर द्वारा मान्यता दिलाने के लिए विश्वविद्यालय से 13 प्रोफेसर्स का ट्रांसफर किया गया है। अब विश्वविद्यालय द्वारा आईसीएआर की टीम को निमंत्रण देने के लिए प्रेजेंटेशन तैयार की जा रही है। आईसीएआर से मान्यता मिलने के बाद कौल के विद्यार्थियों को इसका बड़ा फायदा होगा। वहीं सरकार ने विश्वविद्यालय को 77 पदों को भरने की अनुमति दी हुई है।
हाल ही में सरकार ने निर्णय लिया था कि गैर मान्यता प्राप्त संस्थानों के विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की स्कॉलरशिप, फैलोशिप आदि नहीं दी जाएगी। जिसके बाद विश्वविद्यालय के कोल स्थित कृषि कॉलेज के विद्यार्थियों पर स्कॉलरशिप रुकने व अन्य सुविधाओं से वंचित होने का खतरा मंडरा रहा है। जिसके बाद विश्वविद्यालय के लिए कौल कॉलेज को मान्यता दिलाना जरूरी हो गया है। वहीं तीन वर्ष पहले कॉलेज को आईसीआर ने मान्यता नहीं दी थी। आईसीआर ने प्रोफेसर्स सहित कई जरूरतों को पूरा करने के लिए कहा था। जिसके बाद विश्वविद्यलाय ने इस बार मान्यता दिलवाने के लिए कमर कस ली है। इसी के चलते विश्वविद्यालय से 13 प्रोफेसर्स का ट्रांसफर कौल कृषि महाविद्यालय में किया गया है। इससे पहले ये सभी प्रोफेसर्स विश्वविद्यालय में कार्यरत थे। लेकिन कक्षाएं लेने के लिए कौल जाना पड़ता था। अब ट्रांसफर होने से प्रोफेसर्स को भी आसानी रहेगी।