47 - नागरिक अस्पताल में दाखिल घायल प्रवीन।
- फोटो : Hisar
जिला नागरिक अस्पताल के वार्ड नंबर-13 में उपचाराधीन चाचा-भतीजे के बीच वीरवार सुबह जमकर लात-घूसे चले। उस दौरान दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें भी आईं। दोनों घायलों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए। उस दौरान वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों पक्षों के बीच करीब 15 मिनट तक झगड़ा चलता रहा। इसे देखते हुए एक बार फिर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था की कमी सामने आई। कुछ देर बाद मौके पर पहुुंचकर सुरक्षा कर्मचारियों ने बीचबचाव कर मामला शांत करवाया। इस बारे में पुलिस को मामले की सूचना दे दी है।
अस्पताल के वार्ड 13 में उपचाराधीन प्रवीन कुमार ने बताया कि वह गाड़ी चलाता है और मोठ लुहारी गांव का रहने वाला है। कुछ दिन पहले ही किसी व्यक्ति ने उसे बताया कि उसका चाचा रामपाल एक एकड़ जमीन बेच रहा है। जब वह मंगलवार रात करीब नौ बजे किसी काम से गांव के बस स्टैंड की ओर गया था। उसी दौरान उसका चाचा रामपाल और उसका बेटा सुखदेव वहां पर खड़े थे। जब उसने चाचा से जमीन बेचने को लेकर पूछा तो वह तैश में आ गया और उसने उससे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जब उसने विरोध किया तो उसके चाचा और उसके बेटे और दो अन्य ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उसे और उसके चाचा दोनों को चोटें आईं थीं। उसके बाद वे दोनों नारनौंद अस्पताल में पहुंचे, जहां से चिकित्सकों द्वारा रेफर करने के बाद उनके परिजनों ने उन्हें नागरिक अस्पताल दाखिल करवाया।
रंजिश को लेकर गांव के अलावा वार्ड में की हाथापाई
जानकारी के अनुसार घायल प्रवीन और उसका चाचा दोनों वार्ड 13 में भर्ती थे। यह वार्ड तीन भागों में बांटा हुआ है। एक घायल को पहले भाग और दूसरे को तीसरे भाग में लेटाया हुआ था। सुबह ही दोनों में फिर से झगड़ा हो गया। करीब 15 मिनट तक दोनों पक्षों में झगड़ा होता रहा। स्टाफ नर्सों ने झगड़े के बारे में उच्च अधिकारियों को जानकारी दी। इधर, घायल चाचा रामपाल का कहना है कि बुधवार सुबह उन्होंने कोई झगड़ा नहीं किया। उनकी ओर से झगड़ा करने वाला वार्ड में ओर कोई नहीं है, क्योंकि उसके पास उसकी पत्नी व एक बहन मौजूद हैं।
अस्पताल में झगड़े की सूचना मिली है। फिलहाल एक तरफ से शिकायत की गई है। घायलों के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- एएसआई रविंद्र कुमार, अनाज मंडी चौकी प्रभारी, हिसार