हिसार। हॉकी हिसार की ओर से एस्ट्रोटर्फ मैदान पर शुक्रवार से राज्य स्तरीय जूनियर वर्ग की महिला हॉकी प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन जूनियर वर्ग के मुकाबले में हिसार की बेटियां छाई। हिसार ने गुरुग्राम पर 4-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। पहला गोल 5वें मिनट में हिसार की शशि ने किया। इसके बाद 8वें मिनट दूसरा गोल पूजा, 36वें मिनट में तीसरा गोल पेनल्टी कॉर्नर से भतेरी और 46वें मिनट में सावी ने गोल कर जीत में अहम भूमिका निभाई।
वहीं, दूसरा मैच सोनीपत और पंचकूला के बीच खेला गया, इस मैच में सोनीपत ने 4-0 से जीत हासिल की। 6वें मिनट में साक्षी राणा ने पहला गोल दागा। इसके बाद 10वें मिनट में खुशी ने दूसरा, 22वें मिनट में सेजल ने तीसरा और भव्या ने चौथा गोल किया। तीसरे मुकाबले में कैथल ने फतेहाबाद को 3-0 से हराया। सीनियर हॉकी कोच आजाद मलिक ने बताया कि प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में रामायण से समाजसेवी कमल सिंह पहुंचे। विशिष्ट अतिथि के रूप में साई से सहायक निदेशक निशांत कुमार मोर्या और हिसार की ओलंपियन उदिता पहुंचीं। इस मौके पर पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह, ऑडिट ऑफिसर दिलबाग सिंह, टूर्नामेंट डायरेक्टर अनिल डबास, सुशील मलिक, हॉकी कोच रूचिका आदि मौजूद रहे।
सीनियर ग्रुप में आज से मुकाबले शुरू
सीनियर हॉकी कोच आजाद मलिक ने बताया कि जूनियर ग्रुप में 16 टीमों को पहुंचना था। मगर 10वीं व 12वीं की परीक्षा के चलते अभी तक 10 टीमें पहुंच पाई हैं। शनिवार को अन्य टीमें भी आ जाएंगी। इसके बाद मुकाबले का रि-शेडयूल बनाया जाएगा। वहीं दो मार्च से सीनियर और तीन मार्च से सब जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता भी शुरू होने जा रही हैं। प्रतियोगिता छह मार्च तक आयोजित होगी।