अंतरराष्ट्रीय पहलवान पूजा ढांडा की आज शादी है। तोशाम रोड पर स्थित ताज पैलेस में शाम 7 बजे बरात आएगी। इसके बाद शादी की रस्में शुरू होंगी। इसी साल 7 अगस्त को पूजा ढांडा की सगाई कारोबारी अभिषेक बूरा के साथ हुई थी। इससे पहले पूजा ढांडा के घर पर हल्दी व मेहंदी, महिला संगीत के कार्यक्रम पूरे कराए जा रहे हैं।
पूजा के पिता अजमेर ढांडा ने बताया कि 23 फरवरी 2025 को रोके की रस्म हुई थी। हिसार में बतौर सीनियर कुश्ती प्रशिक्षक अपनी सेवाएं दे रही पूजा ढांडा अपने पिता के साथ सुंदर नगर स्थित आवास में रहती हैं। पूजा के पिता अजमेर ढांडा पशुपालन विभाग से ड्राइवर रिटायर्ड हुए थे।
मां कमलेश ढांडा गृहिणी हैं। पूजा ढांडा ने यूथ ओलिंपिक में भारत के लिए रजत पदक भी जीता था। इसके अलावा कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीत चुकी हैं। पूजा ढांडा ने खेलों में अपने करिअर की शुरुआत जूडो से की थी। 2009 एशियन जूडो चैंपियनशिप के दौरान रेसलर कृपा शंकर बिश्नोई से पूजा की मुलाकात हुई। कृपा शंकर ने पूजा को जूडो के बजाय कुश्ती करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद 2010 यूथ ओलिंपिक गेम्स के 60 किलोग्राम भारवर्ग में खेलते हुए पूजा ने सिल्वर मेडल जीता।