हांसी। पराली में आग लगने की घटनाओं पर काबू पाने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने घिराय, सिसाय, सिंघवा राघो व मसूदपुर में निरीक्षण किया। इस दौरान पराली में आग लगाने पर दो किसानों के 20 हजार रुपये के चालान किए गए। पांच जगहों पर पराली में लगी आग को बुझाया गया। वहीं दिल्ली से सेंटर फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) के अधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग पर स्पष्ट निर्देश दिए की जो अधिकारी व कर्मचारी पराली में आग लगाने की घटनाओं पर काबू पाने में असफल हो रहे हैं, उनको नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाए व उन्हें निलंबित किया जाए।
साथ ही पराली जलाने वाले किसानों पर एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए हैं। पराली में आग लगाने की घटनाओं पर काबू पाने के लिए एसडीएम राजेश खोथ, तहसीलदार अनिल कुमार, सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह, उपमंडल कृषि अधिकारी प्रीति ने ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दो घंटे तक निरीक्षण किया। इस दौरान दो किसान को चेतावनी देकर छोड़ा गया। साथ ही जहां आग लगी हुई मिली, उन्हें बुझाया गया। इसके अलावा पुलिस जिला हांसी के सभी थाना प्रबंधकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को पराली ना जलाने के लिए जागरूक किया है। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि पराली या भूसे को जलाना कानूनन अपराध है।