करीब 9 करोड़ की कीमत के युवराज तथा 24 लीटर दूध देने वाली लक्खो रानी को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेस्ट एनिमल बताया है। केंद्रीय भैंस अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. इंद्रजीत ने इन पीएम को इन दोनों की विशेषताओं से अवगत कराया।दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय किसान मेले में हरियाणा का युवराज सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहा। युवराज की कीमत करीब 9 करोड़ से अधिक आंकी जा रही है।
हरियाणा ही नहीं उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में होने वाले पशु मेलों में युवराज आकर्षण का केंद्र रहता है। हिसार के गांव सिंहवा की लक्खो रानी भी किसान मेले में ब्यूटी क्वीन के तौर पर पहचानी गई। इस भैंस के नाम 24 लीटर से अधिक दूध देने का रिकॉर्ड है। इसे हरियाणा की ओर से कई अवॉर्ड मिल चुके हैं। पंजाब में आयोजित पशु मेले में इस भैंस को बेस्ट ब्यूटी का अवॉर्ड दिया गया था।
पशुओं को देखने उमड़ी भीड़
हरियाणा प्रदेश के स्टाल पर इन दोनों पशुओं को देेखने के लिए लगातार भीड़ उमड़ती रही। किसानों के अलावा वीआईपी भी इन दोनों के साथ सेल्फी लेते दिखे। हिसार स्थित केंद्रीय भैंस अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने मेले में देश के प्रधानमंत्री को इन दोनों पशुओं की विशेषताओं से अवगत कराया।
सबसे बेस्ट नस्ल की भैंस व भैंसा भारत में
डॉ. इंद्रजीत ने बताया कि सबसे बेस्ट नस्ल की भैंस व भैंसा भारत में उपलब्ध हैं। भैंसों के कारण देश दूध के मामले में विश्व में स्थान रखता है। हर साल करीब 30 हजार करोड़ रुपये का भैंसों का मीट निर्यात किया जाता है।