अप्रैल माह में बार-बार करवट बदलने वाला मौसम मई माह की शुरुआत में फिर बदलेगा। एक मई की रात से मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई गई है। एक व 2 मई को धूल भरी हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही कहीं-कहीं गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
हालांकि तीस अप्रैल तक लगातार मौसम खुश्क रहेगा। इस दौरान लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। पिछले चार दिनों से तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा है। मौसम को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने भी किसानों को सुझाव दिया है कि वे देसी कपास की बिजाई पूरी कर लें। वहीं अमेरिकन और बीटी नरमे की बिजाई उनकी किस्मों व समय के अनुसार करें। इधर मंगलवार को तेज गर्मी का आलम रहा। दिन में बादलवाही के बीच धूप ने अपना असर दिखाया।