पांच जून को जाट आरक्षण आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। प्रशासन ने लघु सचिवालय के प्रथम तल पर कमरा नंबर पांच में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। साथ ही इसी रूम में बाढ़ नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। प्रशासन ने कंट्रोल रूम का लैंडलाइन नंबर जारी कर दिया है। बाढ़ और जाट आरक्षण आंदोलन से संबंधित कोई भी जानकारी या सूचना 01662-231137 पर दी जा सकती है। दूसरी तरफ जाट आरक्षण को देखते हुए डीसी निखिल गजराज ने अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय न छोड़ने, छुट्टी पर न जाने के निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने जिले के सभी विभागों में अध्यक्षों को निर्देश जारी कर कहा कि जाट आरक्षण के दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की किसी भी समय आवश्यकता पड़ सकती है। जाट आरक्षण के दौरान स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्यालय न छोड़ें और न ही छुट्टी पर जाएं।
संवेदनशील गांवों में किया फ्लैग मार्च
बरवाला डिविजन के संवेदनशील गांवों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने आईटीबीपी की एक कंपनी के साथ फ्लैग मार्च किया है। डीएसपी राजवीर सिंह ने बताया कि आईटीबीपी की एक कंपनी सहित थाना प्रबंधक बरवाला, थाना प्रबंधक उकलाना व बरवाला डिविजन की पूरी पुलिस फोर्स और बरवाला डिविजन के सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेटों के साथ कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव सरसौद, बरवाला, दौलतपुर, उकलाना, सुरेवाला, बिठमड़ा, सरहेड़ा, बधावङ, खरक पूनिया, ज्ञानपुरा, बयानाखेड़ा में फ्लैग मार्च किया गया।
एसपी ने करवाई पुलिस जवानों की कसरत
एसपी अश्विन शैणवी ने नई पुलिस लाइन में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने एवं दंगों से निपटने, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जवानों की मॉक ड्रिल करवाई। मॉक ड्रिल में चारों पुलिस कंपनियों के जवानों ने भाग लिया। इस मॉक ड्रिल का एसपी हिसार द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस जवानों को दंगे, पथराव, भीड़भाड़, सहनशीलता बनाए रखने और इकट्ठा रहकर ऐसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के बारे में जरूरी गुर सिखाए। इस मौके पर दौरान अतिरिक्त एसपी राजेंद्र कुमार मीणा भी मौजूद थे।
जाट आरक्षण को देखते हुए कंट्रोल रूम बनाया हुआ है। आरक्षण से संबंधित कोई सूचना या जानकारी के लिए कंट्रोल रूम में सूचना दी जा सकती है। यह नियंत्रण कक्ष सितंबर माह तक प्रभावी रहेगा।
- ब्रह्मप्रकाश अहलावत, जिला राजस्व अधिकारी हिसार
जाट आरक्षण के मद्देनजर सभी विभागों के अध्यक्षों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मुख्यालय छोड़कर न जाएं।
- निखिल गजराज, डीसी हिसार