सेक्टर्स को हैंडओवर करने के मामले को लेकर बुधवार को नगर निगम की टेक्निकल ब्रांच के अधिकारियों और हुडा अधिकारियों की मीटिंग हुई। हुडा कार्यालय में आयोजित मीटिंग में निगम अधिकारियों ने साफ कहा कि हम वैसे तो सेक्टर टेकओवर करने को लेकर तैयार हैं, लेकिन हुडा नियमानुसार हैंडओवर करवाने की प्रक्रिया नहीं अपना रहा। उन्होंने कहा कि डीसी एवं निगम कमिश्नर निखिल गजराज के आदेश के बाद ही सेक्टर टेकओवर किए जाएंगे। मीटिंग के बाद हुडा अधिकारियों ने कमिश्नर को पत्र भेजकर हुडा के डेवलप सेक्टर टेकओवर करने की बात कही है।
नियमानुसार भेजेंगे डीसी को पत्र
नगर निगम के अधिकारियों के साथ हुई मीटिंग में हुडा अधिकारियों ने भी कहा कि अगर ऐसा है तो ठीक है, हम नियमानुसार हैंडओवर करने की प्रक्रिया अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि वीरवार को निगम कमिश्नर को 13 सेक्टर टेकओवर करने बारे पत्र भेजा जाएगा।
निगम अधिकारी बताएंगे कितने स्टाफ की जरूरत
दोनों अधिकारियों के बीच फील्ड स्टाफ को डेपुटेशन पर लेने की भी चर्चा हुई। हुडा के एक्सईएन वीके अरोड़ा ने पूछा कि निगम को कितना फील्ड स्टाफ चाहिए, इस पर निगम एक्सईएन रामजीलाल ने कहा कि यह तो हमें आकलन करना होगा। टेकओवर करते वक्त हम बता पाएंगे कि हमें कितने फील्ड स्टाफ की जरूरत पड़ेगी। इसके अलावा जेई, एसडीओ को ऑन डिमांड छह महीने के लिए डेपुटेशन पर या फिर संबंधित विभाग में ही ऑन ड्यूटी सहायता के लिए अटैच किया जा सकेगा।
वही पुराने सेक्टर जाएंगे निगम में, कर्मचारियों और आरडब्ल्यूए में विरोध
हुडा निगम को वही पुराने सेक्टर ही हैंडओवर करेगी। इस मामले को लेकर हालांकि आरडब्ल्यूए विरोध कर रही है। उनका कहना है कि जो सेक्टर डेवलप ही नहीं हुए उन्हें निगम को हैंडओवर करने का क्या फायदा। उधर हुडा के कर्मचारी भी निगम में जाने से मना कर रहे हैं। वे लगातार विरोध कर रहे हैं कि हुडा के कर्मचारी निगम में किसी हालात में नहीं जाएंगे।
हुडा एक्सईएन से इस संबंध में मीटिंग हुई थी। हमने प्रॉपर चैनल से हैंडओवर करवाने की बात कही है। वे निगम कमिश्नर को हैंडओवर करवाने बारे पत्र लिखेंगे। कमिश्नर साहब के जैसे आगामी आदेश होंगे, हम उनके अनुसार कार्रवाई करेंगे।
-रामजीलाल, एक्सईएन नगर निगम