पिछले बजट से निराशा मिलने के बाद इस बार के बजट से जिले को काफी उम्मीदें हैं। बजट के अभाव में कई प्रोजेक्ट अधर में लटके हैं। प्रदेश सरकार की ओर से बजट मिले तो इन प्रोजेक्ट पर काम पूरा होगा। वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु से सौगातों की आशा है। हिसार जिले को प्रदेेश सरकार से इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर काम जल्द शुरू कराने का इंतजार है।
राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने अपने अभिभाषण में एमआरओ का जिक्र किया है। अब इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए बजट प्रावधान की जरूरत है। मोटे आकलन के अनुसार जिले के प्रोजेक्टों को सिरे चढ़ाने के लिए 331 करोड़ रुपये चाहिए।
हिसार के अधूरे प्रोजेक्ट
धोबी घाट को इंतजार
धोबी घाट प्रोजेक्ट के लिए प्रदेश सरकार से बजट का इंतजार है। पिछली कांग्रेस सरकार ने जनवरी 2014 में इसकी आधारशिला रखी थी। अब तक इस पर काम शुरू नहीं हो सका। करीब 68 करोड़ से अधिक के इस प्रोजेक्ट को बजट से उम्मीद है।
सॉलिड वेस्ट प्लांट को पोटली का इंतजार
सॉलिड वेस्ट प्लांट के लिए प्रदेश सरकार की ओर से बजट चाहिए। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने हिसार में अपनी पहली जनसभा में इसकी घोषणा की थी। सीएम की घोषणा को अमलीजामा पहनाने के लिए वित्तमंत्री की पोटली खुलने का इंतजार है। इसके लिए भी 100 करोड़ का बजट चाहिए।
अग्रोहा में बस अड्डा
कांग्रेस सरकार की ओर से अग्रोहा बस अड्डा बनाने का एलान किया गया था। इस प्रोजेक्ट पर अब तक काम शुरू नहीं हो सका। अग्रोहा धाम और मेडिकल कॉलेज के कारण यहां बस अड्डा की जरूरत है। इसके लिए आठ से दस करोड़ का बजट चाहिए।
डेयरी प्रोजेक्ट के लिए आस
निगम एरिया से दूध डेयरियों को बाहर शिफ्ट करने की सीएम की घोषणा के लिए भी बजट की उम्मीद है। सीएम की इस घोषणा को पूरा करने के लिए जमीन हस्तांतरित करने के बाद जमीन को डेवलप किया जाएगा। इसके बाद यहां प्लॉट काटे जाएंगे। यह प्रोजेक्ट करीब 50 करोड़ का है।
दो नए एनएच को उम्मीदें
हिसार-आदमपुर-फतेहाबाद-पंजाब नया नेशनल हाईवे और हांसी-तोशाम-राजस्थान नया नेशनल हाईवे का एलान किया गया था, जिस पर अब तक काम शुरू नहीं हो सका। इन प्रोजेक्ट को बजट सत्र से काफी आशाएं हैं।
गौ अभयारण्य के लिए चाहिए जमीन की कीमत
हिसार में गौ अभयारण्य के लिए प्रदेश सरकार के 2016-17 के बजट से उम्मीदें हैं। इसके लिए सरकार की ओर से जमीन हस्तांतरण की अनुमति मिल चुकी है। नगर निगम जमीन की कीमत चुकाने में सक्षम नहीं। ऐसे में सरकार से जमीन की कीमत दिलाने की तैयारी है। इसके लिए 48 करोड़ का बजट चाहिए। सरकार ने जमीन के लिए सहमति जताई है।
सड़कों के लिए चाहिए पैसा
हिसार की कई सड़कें बदहाल हैं। मिलगेट रोड की सड़क के अलावा कई गांवों की प्रमुख सड़कों को बजट चाहिए। हिसार से नारनौंद होते हुए जींद के लिए प्रस्तावित नई सड़क के लिए भी पैसा चाहिए। गांवों को जोड़ने वाली सड़कों को भी निर्माण की जरूरत है। इसके लिए कम से कम तीस करोड़ का बजट चाहिए।
अस्पताल को चाहिए सर्जरी
नागरिक अस्पताल के लिए नए भवन का प्रोजेक्ट काफी समय पहले भेजा गया था, जिसे अब तक मंजूरी नहीं मिल सकी। सरकार की ओर से मंजूरी मिलने के बाद टीबी अस्पताल की जगह नया भवन बनाया जाएगा। इसके बाद अस्पताल में आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए 25 करोड़ का बजट चाहिए।