हुडा के सेक्टर्स को नगर निगम के हैंडओवर करने के मामले को लेकर दूसरे दिन ऑल सेक्टर्स आरडब्ल्यूए ने डीसी कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। उन्होंने सरकार को यह फैसला वापस लेने की मांग उठाई है। ऑल सेक्टर आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने कहा कि वे नहीं चाहते की सेक्टर्स का विकास रुक जाए। नगर निगम अपने क्षेत्र में विकास नहीं कर पा रहा। वहां की आर्थिक हालात सब जानते हैं। उनके पास कर्मचारियों को वेतन देने की पूंजी नहीं है वे क्या सेक्टर्स मे विकास करवाएंगे।
प्रदर्शन किया, एसडीएम ने लिया मांगपत्र
ऑल सेक्टर्स आरडब्ल्यूए के कोऑर्डिनेटर यशवीर सिंह मलिक ने बताया कि 11 बजे सभी सेक्टर्स की आरडब्ल्यूए के सदस्य लघु सचिवालय पहुंचे। लघुसचिवालय के मुख्य गेट से डीसी कार्यालय तक वे प्रदर्शन करते हुए पहुंचे। डीसी कार्यालय में नहीं थे। एसडीएम साहब को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने मांगपत्र के जरिए सरकार तक उनकी बात पहुंचाने की बात कही। उन्होंने अधिकारी को कहा कि वे किसी भी सूरत में हुडा सेक्टर्स को नगर निगम में नहीं जाने देंगे। महंगे प्लॉट खरीदकर उन्होंने सेक्टर में अपना घर बनाया है। जब निगम में ही सब सेक्टर आ जाएंगे तो फिर सेक्टर व निगम की कॉलोनियों में क्या फर्क रहेगा।
उन्होंने कहा कि सेक्टरवासियों को इस तरह का सरकार फैसला समझ से परे है। वे निगम के अंडर नहीं जाना चाहते। इस मौके पर सेक्टर 9-11 प्रधान बीर सिंह बामल, प्रवीन जैन, रिटायर्ड इंजीनियर रविंद्र सिंह ढांढा, सेक्टर आरडब्ल्यूए प्रधान सुभाष सैनी, सेक्टर 21 पी एमजीए से विनोद तोशावड़, चतर सिंह गोयत, राममेहर सिंह मलिक सहित अन्य सभी सेक्टर्स के सदस्य मौजूद थे।