हिसार। लघु सचिवालय में 350 चैंबर वाले प्रस्तावित भवन का नक्शा हाईकोर्ट की भवन समिति ने चीफ आर्किटेक्ट के पास मंजूरी के लिए भेज दिया है। अभी एक चैंबर में बैठ रहे चार-पांच वकील, अब हर दो वकीलों को एक चैंबर आवंटन की योजना है।
शहर में वकीलों के लिए नए चैंबर बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। लघु सचिवालय स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय के पास प्रस्तावित भवन के नक्शे को प्रदेश के चीफ आर्किटेक्ट को मंजूरी के लिए चंडीगढ़ भेजा गया है।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप बूरा ने बताया कि भवन समिति ने भवन के नक्शे में दिए गए सुझाव को अपनाया है। अब इसे हाईकोर्ट भवन समिति ने चीफ आर्किटेक्ट को भेज दिया है। उम्मीद है कि 15-20 दिनों में नक्शा पास हो जाएगा। नए भवन में करीब 350 चैंबर बनेंगे। प्रत्येक चैंबर दो वकीलों को आवंटित किया जाएगा। यहां चैंबर के लिए 1,800 से अधिक आवेदन मिल चुके हैं।
राजस्व विभाग से संबंधित कार्यवाही भी पूरी हो चुकी है। हाईकोर्ट की भवन समिति में तीन जज शामिल हैं, जिन्हें नक्शा पास करना है। प्रधान बूरा ने बताया कि हिसार कोर्ट में 425 चैंबर बने हैं। कोर्ट में 3,500 से अधिक वकील पंजीकृत हैं। एक चैंबर में चार से पांच वकील बैठते हैं, जिससे काम करने में परेशानी होती है।