हांसी। नागरिक अस्पताल में पांच नए चिकित्सकों की नियुक्ति हुई है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्रदेश में 533 नए चिकित्सकों की नियुक्तियां की गई हैं। जिसमें हांसी के नागरिक अस्पताल को पांच चिकित्सक मिले हैं। इसमें से एक नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। इन नए चिकित्सकों को तुरंत प्रभाव से ज्वाइनिंग के लिए कहा गया है। नए चिकित्सकों से नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों की कमी दूर होगी।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी की गई सूची के अनुसार नागरिक अस्पताल में डॉ. स्वीटी धानिया, डॉ. विशेष न्यौलिया, डॉ. अभिषेक, डॉ. प्रिया गोयल व डॉ. नेहा की नियुक्ति के आदेश हुए हैं। इसमें से स्वीटी धानिया नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। बता दें कि नागरिक अस्पताल में 11 चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं। लेकिन यहां पर केवल दो चिकित्सक डॉ. कामिद मोंगा व डॉ. सुरेंद्र सिरोहा तैनात हैं।
तीसरे चिकित्सक डॉ. संजय वर्मा को जिला टीबी अस्पताल का इंचार्ज नियुक्त किया हुआ है। उनका अधिकांश समय हिसार में गुजरता है। वहीं तीन चिकित्सक लंबे समय से अवकाश पर हैं। इसमें डॉ. विकास पूनिया तीन वर्ष से, डॉ. संदीप बेनीवाल सात वर्ष से व डॉ. मनु ढींगड़ा करीब चार महीने से ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग उन्हें ज्वाइनिंग के लिए कई बार पत्र लिख चुका है व नोटिस भी जारी कर चुका है। लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं लौटे।
ऐसे में केवल दो चिकित्सकों के सहारे ही अस्पताल चल रहा है। सामान्य ओपीडी व इमरजेंसी के लिए नारनौंद के नागरिक अस्पताल, सिसाय व उमरा सीएचसी सहित आसपास के पीएचसी के चिकित्सकों की तैनाती की जा रही है। वहीं अब पांच नए चिकित्सक के आने से यहां चिकित्सकों की संख्या बढ़ेगी। जिससे मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
एक अतिरिक्त एसएमओ भी मिला
नागरिक अस्पताल में तीन दिन हिसार के जिला अस्पताल से अतिरिक्त एसएमओ डॉ. राजीव डाबला ने ज्वाइन किया है। यहां पर एसएमओ के दो पद स्वीकृत हैं। अभी तक केवल एक ही एसएमओ तैनात थे। अब दो एसएमओ होने के बाद कार्यभार बंट जाएगा। वहीं डॉ. डाबला सर्जन भी हैं। ऐसे में यहां चार महीने से बंद हुई ऑपरेशन सुविधा फिर से शुरू होने की उम्मीद है। डॉ. डाबला अगले सप्ताह ज्वाइन कर सकते हैं।
दो आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर भी मिले
आयुष विभाग की तरफ से दो आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर की तैनाती तीन दिन पहले की गई थी। इसमें डॉ. पूजा व डॉ. सुधा ने चार कुतुब स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में ज्वाइन किया है।
अभी पांच नए चिकित्सकों की तैनाती के आदेश मिले हैं। देखा जाएगा इसमें कितने चिकित्सक ज्वाइंनिंग करते हैं। बाकी नए चिकित्सकों के आने से चिकित्सकों की कमी पूरी होगी। - डॉ. राहुल बुद्धिराजा, एसएमओ, नागरिक अस्पताल