हिसार। जिले में पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को अभी तक इंतजार ही करना पड़ रहा है। हरियाणा सिटी गैस कंपनी (एचसीजी) के पास 1,420 से अधिक कनेक्शन की फाइलें लंबित हैं जिनमें 24 कॉमर्शियल कनेक्शन भी शामिल हैं। जिला प्रशासन ने कंपनी से कनेक्शन जारी करने की स्थिति और नए क्षेत्रों में लाइन डालने का ब्योरा मांगा है।
8 मार्च से जिले में नए एलपीजी कनेक्शन पर रोक लगी हुई है। जिन उपभोक्ताओं के पास सिंगल सिलिंडर है उन्हें दूसरा सिलिंडर भी नहीं दिया जा रहा। कई लोग एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट होना चाहते हैं लेकिन कनेक्शन नहीं मिल पा रहे।
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि पीएनजी कनेक्शन न लेने पर एलपीजी सिलिंडर जब्त किया जा सकता है। फिलहाल शहर के केवल 20 प्रतिशत हिस्से में ही पीएनजी लाइन उपलब्ध है।