हिसार। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने एमिटी विश्वविद्यालय गुरुग्राम में राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज कराई। इसकी उत्तरी क्षेत्रीय प्रतियोगिता में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के दो विद्यार्थियों प्रिंस बूरा और विवेक भोंसले ने द्वितीय स्थान पाया। कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने इन विद्यार्थियों को बधाई दी।
विवि के छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एसके पाहुजा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित राज्यों के प्रतिष्ठित संस्थानों से 53 स्नातक टीमों ने भाग लिया।
डॉ. पाहुजा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान पाने वाली टीमों का स्कोर-170 अंक था, लेकिन पर्यवेक्षित सत्र (प्रॉक्टर्ड राउंड) में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम रैंकिंग तय की गई। इसके अनुसार उपविजेता रही एचएयू की टीम को 30,000 रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
छात्र कल्याण निदेशालय में गठित लिटरेरी एंड डिबेटिंग सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि यह दोनों छात्र प्रश्नोत्तरी, वाद विवाद, पोस्टर बनाने, नारा लेखन, भाषण और काव्य पाठ की अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते रहे हैं।