हिसार। चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में विभिन्न स्नातकोत्तर कोर्सों में दाखिला लेने के लिए प्रवेश परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षाएं समय पर ऑफ लाइन माध्यम से की जाएंगी। स्नातकोत्तर अधिष्ठाता डॉ. अतुल ढींगड़ा ने बताया कि स्नातकोत्तर प्रोग्राम के लिए प्रवेश परीक्षा 28 अगस्त और 19 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
कृषि महाविद्यालय व गृह विज्ञान महाविद्यालय के सभी स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा 28 अगस्त को होगी। इनके लिए प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी 31 अगस्त को ही वेबसाइट पर डाल दी जाएगी। जिसके बाद उम्मीदवार 2 सितंबर तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। प्रथम काउंसलिंग 10 से 14 सितंबर तक होगी। 18 सितंबर को सीट अलॉट कर दी जाएंगी। मौलिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय, मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय और कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के सभी कार्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा 19 सितंबर को की जाएगी। इनके लिए उत्तर कुंजी 21 सितंबर को जारी की जाएगी। जिसके आधार पर उम्मीदवार 22 सितंबर तक आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इनमें मौलिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय के लिए 18 अक्टूबर को, मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के लिए 11 अक्तूबर को और कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के लिए 12 अक्टूबर को सीट अलॉट की जाएंगी। प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त तक है। प्रवेश परीक्षा व दाखिले संबंधी मामलों के लिए उम्मीदवार विश्वविद्यालय की वेबसाइट hau.ac.in and admissions.hau.ac.in पर जानकारी हासिल कर सकते हैं। पीएचडी के लिए 19 सितंबर को होगी परीक्षा
कृषि महाविद्यालय, मौलिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय, कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, गृह विज्ञान महाविद्यालय, बिजनेस मैनेजमेंट एवं एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट में पीएचडी के लिए प्रवेश परीक्षा 19 सितंबर को होगी। इनके लिए 21 सितंबर को उत्तर कुंजी जारी की जाएगी और 22 सितंबर तक आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। परिणाम को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर डाल दिया जाएगा। प्रथम काउंसलिंग जिसमें काउंसलिंग के लिए पंजीकरण व च्वाइस भरने की तिथि 29 सितंबर से 4 अक्तूबर तक होगी और 13 अक्तूबर को सीट अलॉट की जाएंगी। इसके अलावा अतिरिक्त सीटों के लिए दूसरी काउंसलिंग में दाखिले होंगे। जिन उम्मीदवारों ने पीडब्ल्यूडी कैटेगरी के तहत आवेदन किया है, उन्हें मेडिकल जांच के लिए विश्वविद्यालय के मेडिकल बोर्ड के समक्ष निर्धारित तिथि को उपस्थित होना होगा। डिप्लोमा कोर्सों के लिए पहली काउंसलिंग व च्वाइस भरने की तिथि 10 से 14 सितंबर होगी और परिणाम 20 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। जिसमें सीट अलॉटमेंट भी की जाएगी। फिजिकल रिपोर्टिंग, कागजातों की वेरिफिकेशन, फीस जमा करवाना व कोर्स में पंजीकरण प्रक्रिया 22 से 24 सितंबर तक होगी। दूसरी काउंसलिंग 13 से 14 अक्तूबर को होगी और इसके परिणाम व सीट अलॉटमेंट 21 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे। इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट एंड एग्रीप्रेन्योरशिप गुरुग्राम में एमबीए एग्रीबिजनेस, एमबीए सामान्य व मास्टर इन रूरल मैनेजमेंट और कृषि महाविद्यालय में डिपार्टमेंट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में एमबीए सामान्य व एमबीए एग्री बिजनेस में दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त होगी। इन विषयों में दाखिले कैट, सीमेट व ग्रेजुएशन स्कार में मेरिट के आधार पर होंगे।