चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के होम साइंस कॉलेज में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में गत दो वर्षों (2013-14 व 2014-15) दौरान शैक्षणिक व सह शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली 50 छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर सविता को सर्वश्रेष्ठ छात्रा, जबकि आरुषि को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए अवॉर्ड प्रदान किये गये। इसी प्रकार अनीता बैनीवाल को वर्ष 2013-14 तथा मंजु बाला को वर्ष 2014-15 का बेस्ट एनएसएस अवॉर्ड दिया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि विवि के कुलपति डॉ. के.एस. खोखर ने छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने कहा कि होम साइंस शिक्षा को लेकर लोगों के बीच भ्रांति विद्यमान है, जिसको दूर करने के लिए इसके नामकरण में बदलाव करने हेतु राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा चल रही है। इस विषय में शिक्षा ग्रहण करने वाली छात्राओं को आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से सीखो और कमाओ पद्धति के अनुरूप विवि में एक योजना लागू करने पर विचार किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त प्रदेश के चारों जोन में एक-एक सेंटर ऑफ एक्सिलेंस स्थापित करने की भी योजना है। समारोह की अध्यक्षता विवि के अनुसंधान निदेशक डॉ. एसएस सिवाच ने की। इससे पूर्व होम साइंस कॉलेज की डीन डॉ. प्रवीण पूनिया ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर कॉलेज की मैग्जीन मनोवीणा का विमोचन किया।