बॉक्सिंग के बाद अब शहर की दो महिला कुश्ती खिलाड़ी अर्जुन अवॉर्डी गीतिका जाखड़ व ललिता सहरावत ने भी कुश्ती में कॉमनवेल्थ गेम्स का टिकट पक्का कर लिया है। रविवार को हुए ट्रायल में इन्होंने अपने वर्ग की अन्य खिलाड़ियों को चित करते हुए यह मुकाम हासिल किया है।
इनके अलावा हरियाणा की तीन और पहलवान का चयन राष्ट्रीय टीम में हुआ है। इस तरह कुल सात सदस्यीय टीम में अकेले हरियाणा से पांच महिला पहलवान हैं। गीतिका ने बताया कि दादरी की विनेश कुमारी 48 किलोग्राम भार वर्ग में, बबीता 55 किलोग्राम भार वर्ग में और रोहतक की साक्षी मलिक 58 किलोग्राम भार वर्ग में देश की ओर से कॉमनवेल्थ में चुनौती पेश करेंगी। कॉमनवेल्थ के ट्रायल में शहर की छह खिलाड़ी गीतिका जाखड़, पूजा ढांडा, शिल्पी श्योराण, पूजा कालरा, रचना शेखावत और ललिता सहरावत शामिल हुई थीं, जिनमें से दो खिलाड़ियों को सफलता मिली।
गीतिका 63 में करेंगी प्रतिनिधित्व
गीतिका जाखड़ 63 किलो भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। गीतिका को वर्ष 2006-07 में अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2006 में एशियन गेम्स में उन्होंने रजत, वर्ष 2003 व 2005 में कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण और वर्ष 2013 में एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया था।
गीतिका का कहना है कि उसे विश्वास है कि वह कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जरूर जीतेगी। गीतिका लाजपत नगर में रहती हैं और वर्तमान में हरियाणा पुलिस में डीएसपी पद पर कार्यरत हैं। गीतिका के पिता सत्यवीर जाखड़ लेक्चरर और मां ऊषा रानी अग्रोहा में हेडमास्टर हैं।
ललिता 53 किलो भार वर्ग में करेंगी प्रतिनिधित्व
ललिता 53 किलो में देश का प्रतिनिधत्व करेंगी। अभी हाल में ललिता ने जूनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया था। इससे पहले ललिता सब जूनियर एशियन चैंपियनशिप में रजत, वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य और ऑल इंडिया चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। ललिता के पिता जोगेंद्र सहरावत खेती करते हैं और मां ऊषा रानी एक गृहिणी है। ललिता शहर के साई सेंटर में प्रेक्टिस करती हैं।
बॉक्सिंग में ये करेंगे प्रतिनिधित्व
इससे पहले बॉक्सिंग में शहर के दो खिलाड़ी कॉमनवेल्थ के लिए अपना टिकट पक्का कर चुके हैं। इनमें महिला वर्ग में पिंकी जांगड़ा और पुरुष वर्ग में मनदीप का नाम शामिल हैं।