कांस्य पदक विजेता हरियाणा की टीम कोच राजेंद्र सिहाग के साथ।
- फोटो : Hisar
हिसार। तमिलनाडु के कोलपट्टी में हुई 12वीं हॉकी इंडिया मेन जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में रविवार को हरियाणा की टीम ने ओडिशा को 3-0 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। मैच शुरू होने के 10वें मिनट में कैथल के शुभम ने पहला गोल किया। दूसरा गोल 44वें मिनट में हिसार के गांव डाबड़ा के तोशांत ने किया। वहीं तीसरा गोल 58वें मिनट में भिवानी के विकास ने किया और टीम को जीत दिलाई। विकास को मेन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 27 मई को हरियाणा की टीम का सेमीफाइनल मैच उत्तरप्रदेश के साथ हुआ था, मगर हरियाणा की टीम 2-1 से हार गई थी। कोच राजेंद्र सिहाग ने बताया कि हरियाणा टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। खिलाड़ियों की मेहनत रंग लाई और कांस्य पदक पर कब्जा किया।