हरियाणा के हिसार के पुराना राजकीय कॉलेज मैदान में आयोजित जजपा की रैली में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हिसार लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि मेरे सामने चुनाव लड़ने वाले 65 के हो गए हैं। उनका आखिरी चुनाव है। चुनाव की तारीख का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। सभी नौ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता जुट जाएं।
आप पर यह कलंक नहीं लगने दूंगा कि वोट काटने आया हूं। पार्टी कितनी लोकसभा और कितनी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी यह डॉ. अजय सिंह चौटाला तय करेंगे। उन्होंने दावा किया कि हिसार लोकसभा सीट को सबसे अधिक वोट से जीतेंगे।
बागी विधायकों पर साधी चुप्पी
दुष्यंत चौटाला ने रैली में भाजपा-कांग्रेस और इनेलो किसी के खिलाफ कुछ नहीं बोला। जजपा के बागी हुए पांच विधायकों पर भी कुछ नहीं बोला। बृजेंद्र सिंह, बीरेंद्र सिंह पर भी सीधे तौर हमला नहीं किया। उन्होंने अपने भाषण में अपने विकास कार्याें को गिनाया। इस मौके पर डॉ. केसी बांगड़, पूर्व मंत्री अनूप धानक, जजपा विधायक रामकरण काला, विधायक अमरजीत ढांडा, चेयरमैन राजेंद्र लितानी, महिला अध्यक्ष शीला भ्याण, अजीत ओडीएम, जजपा जिला अध्यक्ष अमित बूरा, वीरेंद्र चौधरी भोजराज, एडवोकेट मंदीप बिश्नोई, कृष्ण गंगवा सहित अन्य मौजूद रहे।
दीदी, जीजा, भांजा सभी तो छोड़कर चले गए
एक बीजेपी के प्रभारी ने कहा था कि पेट दर्द हो तो हो। उचाना से मेरी दीदी लड़ेंगी। अब उनसे पूछना चाहता हूं उनकी दीदी, जीजा, भांजा सभी तो छोड़कर चले गए। मैंने कहा था कि पांच आए थे। पांच हमारे हैं।
पीएम मोदी की तारीफ
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुग्राम में सीएम मनोहरलाल की तारीफ की थी। मेरे साथ उनकी कुर्सी भी चली गई। चार साल पहले दिल्ली में मेरी तारीफ करते हुए अच्छा दोस्त बताया था। मैं तो खुशनसीब हूं मैंने चार साल निकाल दिए।
हुड्डा को दी नसीहत
इसके अलावा हुड्डा साहब को बोलना चाहता हूं कि मेरे दो-चार इधर उधर हुए हैं। उन पर विश्वास मत करना। मेरी हिम्मत है कि उनके साथ कैसे साढ़े चार साल निकाले हैं। नारनौंद हो चाहे बरवाला हो जनता ने जो हम पर विश्वास किया था। हमने उन हलकों में पूरा विकास कराया है।
100 करोड़ का आया ऑफर पर नहीं बिका
जुलाना विधायक अमरजीत ढांडा ने कहा कि उनके पास 100 करोड़ की ऑफर थी। सरकार तोड़कर आने की 100 करोड़ की ऑफर दी गई थी। मैं नहीं बिका। छह महीने काम करो हम दुष्यंत को सीएम बनाएंगे।