हांसी। शहर के एक युवक की पंजाब के लुधियाना में ह्रदय घात से मौत हो गई। युवक वहां अपने रिश्तेदार के पास लोहड़ी मनाने के लिए ट्रेन से गया था। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर करीब 100 मीटर ही चला था कि उसके सीने में दर्द होने लगा। इसके बाद उसे तुरंत एक निजी क्लिनिक में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान हांसी के 24 वर्षीय चिराग के रूप में हुई है। मृतक के शव को लुधियाना के नागरिक अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है। जहां परिजनों के पहुंचने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। चिराग के दोस्त गुरप्रीत सिंह ने बताया कि चिराग अपनी बुआ के बेटों के साथ उनके पास धूरी आया था। चिराग लुधियाना में लोहड़ी मनाने के लिए आया था। इस कारण वह बीती रात यहीं रुक गया। सुबह जब चिराग के साथ सभी दोस्त इकट्ठे होकर लुधियाना आए तो रेलवे स्टेशन पर जैसे ही ट्रेन से उतरे तो कुछ दूरी पर चिराग ने कहा कि छाती में दर्द हो रहा है। उसे दवाई दिलवाई गई लेकिन एकाएक उसे दर्द तेज होने लगा। इस कारण वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया। उसे नागरिक अस्पताल लेकर गए तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जब चिराग के सीने में दर्द हुआ था तो उसने उन्हें बताया था कि पहले भी 2 बार उसे हार्ट अटैक आ चुका है। चिराग के घर में उसका छोटा भाई और मां है। उसकी बहन की शादी हो चुकी है और पिता की पहले मौत हो चुकी है।