हिसार। सरकारी और मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा तीसरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षाएं 21 सितंबर से शुरू होकर 3 अक्तूबर तक चलेंगी। शिक्षा विभाग ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर सभी स्कूलों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कक्षा और विषयवार कार्यक्रम जारी किया है ताकि वे परीक्षा की तैयारी पहले से कर सकें। कार्यक्रम के अनुसार, 21 सितंबर को तीसरी और पांचवीं कक्षा की अंग्रेजी, चौथी की हिंदी, छठी की गणित, सातवीं की सामाजिक विज्ञान, आठवीं की हिंदी, नौवीं की संस्कृत/उर्दू/हिंदी और 10वीं की अंग्रेजी की परीक्षा होगी।
11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की निर्धारित विषयों की परीक्षा भी इसी दिन होगी। 22 सितंबर को विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों की हिंदी, गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अन्य विषयों की परीक्षाएं होंगी।
24 सितंबर को तीसरी से 12वीं तक की विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों की गणित, पर्यावरण अध्ययन, विज्ञान, हिंदी, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी और अन्य विषयों की परीक्षा होगी। 26 सितंबर को भी अलग-अलग कक्षाओं के निर्धारित विषयों की परीक्षाएं होंगी। 28 सितंबर को छठी से 12वीं तक की कक्षाओं के विभिन्न विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
29 सितंबर को तीसरी, चौथी और पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं होंगी। 30 सितंबर को छठी से 12वीं तक की कक्षाओं के निर्धारित विषयों की परीक्षा होगी। 1 अक्तूबर को नौवीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के कुछ विषयों की परीक्षा होगी। वहीं, 3 अक्तूबर को छठी से 12वीं तक के शेष विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
शिक्षा विभाग ने स्कूल मुखियाओं को परीक्षा कार्यक्रम विद्यार्थियों तक पहुंचाने के साथ परीक्षा कक्ष, प्रश्नपत्र और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षाओं के बाद विद्यार्थियों के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग दिया जाएगा।