हिसार। शहर में बेसहारा पशु की टक्कर से घायल जिम ट्रेनर की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। तीन दिन पहले जिम ट्रेनर धर्मपाल उर्फ डीपी बेसहारा पशु के कारण हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन थे।
जानकारी के अनुसार धर्मपाल मिराज सिनेमा के पीछे एक जिम में ट्रेनर थे। बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे वे सेक्टर-14 जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए बेसहारा पशु ने उन्हें घायल कर दिया। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
धर्मपाल के सिर में खून के थक्के जम गए थे। उपचार के दौरान शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी दो बेटियां हैं। बता दें कि पहले भी शहर में बेसहारा पशुओं के कारण कई लोग जान गंवा चुके हैं। ब्यूरो