हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय ने अपने पूर्व विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण शुल्क में बड़ी छूट की घोषणा की है। अब भारतीय पूर्व छात्रों के लिए आजीवन पंजीकरण शुल्क 1000 रुपये के बजाय केवल 100 रुपये और अंतरराष्ट्रीय पूर्व छात्रों के लिए 100 रुपये के बजाय केवल 10 रुपये लगेगा। यह निर्णय 1 अक्टूबर से प्रभावी होगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक पूर्व छात्रों को विश्वविद्यालय पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि एक व्यापक पूर्व छात्र डेटाबेस तैयार किया जा सके। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि यह कदम देश-विदेश के उन हजारों पूर्व छात्रों तक पहुंचने का अवसर देगा जो अब तक अपंजीकृत थे।
पूर्व विद्यार्थी संबंध विभाग के डीन प्रो. कर्मपाल नरवाल ने कहा कि पूर्व छात्र विश्वविद्यालय के सच्चे ब्रांड एंबेसडर हैं। सुव्यवस्थित पूर्व छात्र डेटाबेस से न केवल विश्वविद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच संबंध मजबूत होंगे, बल्कि उद्योग-अकादमिक सहयोग, छात्र मार्गदर्शन कार्यक्रम, शोध परियोजनाओं और परामर्श के नए अवसर भी खुलेंगे।