फिल्म अभिनेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने संसद भवन देखने पहुंचे गुराना गांव के ग्रामीणों के आग्रह पर अपना चिरपरिचित डायलॉग खामोश सुनाया। दरअसल नारनौंद हलके के गांव गुराना से ग्रामीणों के एक दल ने वीरवार को सांसद दुष्यंत चौटाला के निमंत्रण पर संसद भवन का दौरा किया।
इस दौरान ग्रामीणों ने सीधे तौर पर लोकसभा की कार्यवाही देखी और देश के लोकतंत्र के मंदिर के बारे में जानकारी ली। इनेलो युवा जिलाध्यक्ष अमित बूरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने संसद भवन में करीब एक घंटे तक संसद की कार्यवाही देखी। इस दौरान ग्रामीणों को देखकर संसद भवन से वापस जा रहे बॉलीवुड अभिनेता रहे एवं सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी रुक गए और उन्होंने ग्रामीणों से खुलकर बातचीत की।
सांसद सिन्हा ने कहा कि उनका भी हरियाणा से विशेष लगाव रहा है। शारीरिक वेशभूषा देखकर ही वे समझ गए थे कि ग्रामीण हरियाणा से लग रहे हैं। इसलिए वे उनसे मिलने के लिए खुद को रोक नहीं पाए। सांसद सिन्हा ने ग्रामीणों के आग्रह पर अपना सुप्रसिद्ध डायलॉग खामोश कहा और मुस्कराते हुए गाड़ी में बैठकर चले गए। इस मौके पर रिजाल सिंह, दलीप सिंह, मास्टर रामगोपाल, बलराज, महेंद्र, धर्मपाल बूरा, ऋषिपाल, रामनिवास, रमेश सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।