हिसार। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा विभाग की विवरणिका (प्रोस्पेक्टस) हिंदी भाषा में होगी। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत विवि प्रशासन ने यह विवरणिका तैयार की है। यही नहीं, दाखिला लेने के बाद हर वर्ष विद्यार्थियों को जो किताबें दी जाती थीं, वे हिंद भाषा में होंगी। इससे पहले दोनों अंग्रेजी भाषा में ही छपते थे।
विवि प्रशासन के अनुसार, गुजवि प्रदेश का संभवत: पहला विवि है, जिसने हिंदी भाषा में विवरणिका जारी की है। मंगलवार को प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय एक सेमिनार में इस विवरणिका का विमोचन करेंगे। बता दें कि राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय मंगलवार को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय और एचएयू में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए हिसार पहुंच रहे हैं।
अंग्रेजी में छपती थीं किताबें, विद्यार्थी रहते थे परेशान
गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा विभाग में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों में से 60 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी हिंदी भाषा में किताबें देने की मांग करते थे, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन अंग्रेजी विषय में किताबें देता आया है। हालांकि कुछ विषयों में विद्यार्थियों को हिंदी भाषा में परीक्षा देने की छूट अवश्य थी। अब ग्रामीण परिवेश से आने वाले विद्यार्थियों को हिंदी की पुस्तकें मिलने से पढ़ाई में आसानी होगी। वहीं, हिंदी भाषा में विवरणिका (प्रोस्पेक्टस) पढ़कर वे पूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे।
अब एमबीए भी हिंदी में
विवि के दूरस्थ शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. ओपी सांगवान ने बताया कि नई शिक्षा नीति के अनुसार, विद्यार्थियों को क्षेत्रीय भाषाओं में भी शिक्षा दी जानी चाहिए। ऐसे में विभाग का प्रयास है कि हिंदी भाषा में भी विद्यार्थी पढ़ाई कर सकें। अगले वर्ष से एमबीए पाठ्यक्रम को भी हिंदी भाषा में किए जाने की योजना है। इसके अलावा अगले वर्ष से विभाग एमए हिंदी और एमए अंग्रेजी विषय भी शुरू करेगा।
15 नवंबर है दाखिले की अंतिम तिथि
विवि के दूरस्थ शिक्षा विभाग में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यार्थी विभाग में स्नातक के 3 और स्नातकोत्तर के 5 पाठ्यक्रमों में 15 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। हालांकि विलंब शुल्क के साथ 30 नवंबर तक भी आवेदन किए जा सकेंगे। विभाग में दो ऑनलाइन कोर्सों में भी आवेदन प्रक्रिया जारी है।
नई शिक्षा नीति के तहत तैयार की विवरणिका
राज्यपाल मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में दूरस्थ शिक्षा विभाग की विवरणिका का विमोचन करेंगे। हमने पहली बार नई शिक्षा नीति के तहत हिंदी भाषा में यह विवरिणका तैयार की है। इसके अलावा वे विवि के कुछ विभागों का भी जायजा लेंगे।
- डॉ. अवनीश वर्मा, कुलसचिव, गुजवि।