मंडी आदमपुर। क्षेत्रवासियों के लिए शुक्रवार का दिन अहम रहा, जब पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने ट्रेन संख्या 12556/12555 बठिंडा-गोरखपुर-बठिंडा एक्सप्रेस के आदमपुर रेलवे स्टेशन पर आधिकारिक ठहराव के बाद हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
मंत्री ने बताया कि आदमपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल किया गया है। इसके तहत स्टेशन के आधुनिकीकरण, सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, प्रतीक्षालय सुधार, पेयजल व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना बोर्ड और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल ट्रेन ठहराव देना नहीं, बल्कि स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है, जिससे क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे। इस अवसर पर नलवा विधायक रणधीर पनिहार, बीकानेर के अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार, जिला परिषद सदस्य भीम सिंह, भाजपा नेता मनीष ऐलावादी आदि मौजूद रहे।