हिसार। हरियाणा प्रदेश का बजट अगले सप्ताह आने वाला है। बजट को लेकर हर वर्ग को काफी उम्मीदें हैं। औद्योगिक जगत को बजट से अधिक इच्छा नहीं है। औद्योगिक क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि उन्हें मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से दी जाएं। औद्योगिक एरिया में पेयजल की आपूर्ति की जाए। बिजली की उपलब्धता निरंतर बनी रहे। सीवरेज की समस्याओं का समय पर निदान किया जाए। सड़कों की हालत को अच्छा बनाए रखें। औद्योगिक एरिया में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
औद्याेगिक जगत को प्रदेश सरकार के बजट से बहुत कुछ नहीं चाहिए। सरकार हमारी मूलभूत-आधारभूत संरचनाओं को ठीक रखे। अगर यहां इंफ्रास्ट्रक्चर अच्छा रहेगा तो किसी तरह की दिक्कत नहीं है। बिजली के रेट न बढ़ाए जाएं। कानून व्यवस्था को बेहतर बनाया रखा जाए। औद्योगिक एरिया लगातार विकसित हो रहे हैं।हरियाणा में उद्योगों की काफी संभावनाएं हैं।
- देवेंद्र जैन
आज सरकार के पास सभी को देने के लिए नौकरी नहीं है। यह बात सीएम लगातार कहते रहते हैं।अब हमें युवाओं को स्वरोजगार की ओर प्रेरित करना होगा। इसके लिए सरकार को औद्योगिक एरिया विकसित करने होंगे। छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नई योजना तैयार करनी होंगी। अनुदान देने के लिए योजनाएं बनानी होंगी। अधिक से अधिक एरिया में उद्योग स्थापित करने होंगे।
- अजय, युवा
हरियाणा दिल्ली के सबसे करीब होने का फायदा ले सकता है। हरियाणा में सबसे अधिक औद्योगिक एरिया गुरुग्राम में है। इसे पूरे प्रदेश के हर हिस्से छोटे-छोटे औद्योगिक एरिया बनाने होंगे। जिसमें कलस्टर स्तर पर उद्योग बनने से वहां के युवाओं को नौकरी मिल सकेगी। उद्योगों को सस्ती लेबर मिल सकेगी। सरकार को औद्योगिक सहयोगी नीति घोषित करनी चाहिए। जिससे प्रदेश का तेजी से विकास हो।
- नीरज
हरियाणा कृषि में सबसे अग्रणी राज्यों में है। हमें उद्योग में भी अग्रणी बनना होगा। हिसार में एयरपोर्ट विकसित हो रहा है। ऐसे में यहां उद्योगों की सबसे अधिक संभावना है। हर एक वर्ग को इससे फायदा होगा। प्रदेश में टैक्स फ्री जोन बनाना चाहिए। जिससे दूसरे प्रदेशों, विदेशों के लोग भी निवेश के लिए आगे आ सकें। इस क्षेत्र में महिलाओं को भी आगे आना होगा। महिलाओं के लिए सरकार को अलग से छूट प्रदान करनी चाहिए।
- संजू
आज के समय में चीन के विकास के पीछे उसका उद्योग है। चीन के बाद बांग्लादेश की ग्रोथ भी वहां के औद्योगिक एरिया के कारण हो रही है। भारत में अकेले कृषि क्षेत्र के दम पर हम विकसित देश नहीं बन पाएंगे। हरियाणा की भौगोलिक स्थिति सबसे अच्छी है। दिल्ली के नजदीक होने के चलते यहां से पूरे देश में माल सप्लाई आसानी से की जा सकती है। यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर भी काफी मजबूत है।
- निशा