हिसार। धनतेरस के साथ दीपोत्सव के आगाज का उल्लास मंगलवार को बाजारों में सुबह से रात तक छाया रहा। सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, ऑटोमोबाइल और गारमेंट्स शोरूम में लोगों ने जमकर खरीदारी की। बर्तन कारोबारियों के प्रतिष्ठानों में तो शाम को पैर रखने तक की जगह नहीं थी, वहीं धातुएं महंगी होने के बावजूद ज्वैलरी शोरूम ग्राहकों से गुलजार रहे। सभी व्यापारिक संगठनों के अनुमान के मुताबिक 400 करोड़ का कारोबार हुआ है, अगले तीन दिन में और बढ़ने की उम्मीद है।
सोने की गिन्नियां, चांदी के सिक्क, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं खूब बिकीं। बजट के मुताबिक हल्के गहनों की भारी मांग रही और कारोबारियों ने इस अनुरूप तैयारी भी की। सुबह बाजार खुलते ही लोग खरीदारी के लिए निकल पडे़ थे। पूजन सामग्री, झाड़ू, प्रसाद और सजावटी सामान, दीये, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं पसंद कर घर ले गए। वहीं वाहन शोरूम पर बुकिंग करवा चुके दुपहिया और चौपहिया लेने के लिए लोग परिवार के साथ पहुंचने लगे थे। भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें इंतजार भी करना पड़ा। डिलीवरी मिलने पर वाहन के साथ सेल्फी ली।
-
ऑटोमोबाइल
शहर के प्रमुख वाहन शोरूम में रौनक देखने को मिली। बुकिंग करवाने वाले वाहन की डिलीवरी लेने पहुंचे। अनेक लोग दिवाली के दिन डिलिवरी लेंगे। लोगों में ई वाहनों का खासा क्रेज दिखा। सीएनजी चलित चौपहिया के अलावा दुपहिया की भी विशेष मांग रही। विक्रेताओं का कहना है कि इस साल पिछले साल के मुकाबले 15-20 प्रतिशत ज्यादा बिक्री हुई है।
सराफा
धनतेरस पर सोना-चांदी की खरीद को शुभ मानने की मान्यता के चलते जमकर खरीदारी हुई। सोने-चांदी की कीमतों में पिछले सात माह से लगातार हो रही तेजी के कारण अच्छे रिर्टन की उम्मीद में सुरक्षित निवेश के तौर पर जबरदस्त खरीदारी हुई। कारोबारियों का मानना है कि निवेश के चलते 250 करोड़ के आसपास कारोबार का अनुमान है।
इलेक्ट्रॉनिक्स
इलेक्ट्रॉनिक्स आइटमों पर आफर का बाजार में अच्छा असर दिखा। लोगों ने एलईडी, ओएलईडी, म्यूजिक सिस्टम, ओवन, वाशिंग मशीन, फ्रीज की खरीद में रुझान दिखाया। वाशिंग मशीन में फुल ऑटोमैटिक मशीन को विशेष तौर पर पसंद किया गया। लोगों ने वजन के हिसाब से 15 से 35 हजार तक की वाशिंग मशीन और फ्रीज की खरीद की।
बर्तन
सबसे अधिक भीड़ का आलम बर्तनों की दुकानों पर रहा। सुबह से शुरू हुई खरीदारी दोपहर बाद परवान चढ़ती गई। रात तक लोगों में जरूरत के मुताबिक बर्तनों की खरीद का रुझान दिखा। स्टील के अलावा पीतल और मिश्र धातु वाले बर्तनों की अच्छी मांग रही।
गारमेंट्स
त्योहार पर नए कपडे़ पहनने का रुझान ग्राहकों पर साफ दिखा। ब्रांडेड शो रूम से लेकर कपड़ा बाजार तक में लोगों की भीड़ रही। महिलाओं और बच्चों ने मनपसंद कपड़े खरीदे। ब्रांडेड शो रूम पर बाई वन गेट वन, बाई टू गेट फाइव जैसे ऑफर देखकर ग्राहकों का कपड़े खरीदने के प्रति खासा रुझान नजर आया।
धनतेरस अनुमानित कारोबार
अनुमानित कारोबार
वाहन 50 करोड़
सोना-चांदी 250 करोड़
बर्तन 25 करोड़
इलेक्ट्रॉनिक्स 30 करोड़
गारमेंट्स 20 करोड़
मिठाई 05 करोड़
गिफ्ट 20 करोड़
(आंकड़े व्यापारिक संगठनों के अनुमान के आधार पर)
मार्केट एसोसिएशन के प्रधान नगर निगम की गाड़ी के आगे धरने पर बैठे
धनतेरस को देखते हुए राजगुरु मार्केट में फड़ लगाने वालों की संख्या बढ़ गई। दुकानदारों ने भी सड़कों पर मेजें सजा लीं। यह देखकर निगम कर्मचारियों ने सख्ती की और मेजों को हटवाना शुरू कर दिया। इसके विरोध में मार्केट की एक एसोसिएशन के प्रधान निगम की गाड़ी के आगे धरने पर बैठ गए। हालांकि कुछ ही देर में वह खुद ही उठ गए।
राजगुरु मार्केट में पुलिस ने की पैदल गश्त: राजगुरु मार्केट का भीड़ का आलम ये था कि शाम के समय पैर रखने के लिए भी जगह नहीं थी। लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस की टीमें पैदल गश्त करती रहीं। बिना वर्दी में भी पुलिस गश्त कर रही है। पुलिस प्रशासन की तरफ से राजगुरु मार्केट की तरफ आने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेड्स लगाकर चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद की हुई है। सिर्फ दुपहिया वाहनों को ही बाजार में जाने की अनुमति दी जा रही है। राजगुरु मार्केट सहित अन्य बाजारों में 15 जगहों पर नाके लगाए हुए हैं। वहीं शहर थाना के पास बनी पार्किंग, तलाकी गेट पार्किंग, नई क्लॉथ मार्केट फेज एक, ऑटो मार्केट फेज तीन, रेड स्कवेयर मार्केट, ग्रोवर मार्केट और ग्रीन स्कवेयर मार्केट में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
दिल्ली रोड पर दिन भर लगा रहा जाम
त्योहार के कारण दिल्ली रोड पर खासकर बस स्टैंड से नागोरी गेट तक दिन भर जाम लगा रहा। इस कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पीएलए मार्केट के आगे भी वाहन रेंगते रहे। इस दौरान लोग सड़कों पर ही वाहन खड़े कर खरीदारी करने चले गए, जिस कारण अन्य वाहन चालकों को दिक्कत आई।
चिकित्सकों की लगाई ड्यूटी, विशेषज्ञ रहेंगे आन कॉल, एंबुलेंस चालकों को छुट्टी रद्द
हिसार। दिवाली के मद्देनजर किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में चिकित्सकों व नर्सिंग अफसरों की संख्या बढ़ाई गई है। आतिशबाजी से दुर्घटना की आशंका के मद्देनजर चिकित्सकों की ड्यूटियां लगा दी हैं। साथ ही विशेषज्ञ ऑन कॉल उपलब्ध रहेंगे। एंबुलेंस चालकों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। सीएमओ डॉ. सपना ने चिकित्सकों को ड्यूटी में कोताही न बरतने के निर्देश दिए हैं। बाजारों में अलग-अलग जगह पांच एंबुलेंस की तैनाती की गई है। ताकि जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस को बाजारों में पहुंचने पर देरी न हो। सीएमओ ने बताया कि दिवाली वाले दिन बर्न केस अधिक आते हैं। ऐसे मरीजों को प्राथमिक उपचार देने के लिए दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर किया जाएगा। एंबुलेंस पर ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) की तैनाती की गई है, जो आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत मदद देते हैं।