फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: धनतेरस पर बाजारों में बरसी लक्ष्मी, 550 करोड़ का कारोबार

विज्ञापन
धनतेरस टीवीएस स्कूटी की खरीदारी करते ग्राहक। 
विज्ञापन
हिसार। धनतेरस पर शुक्रवार को शहर के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से देर रात तक चली खरीदारी के बीच शहर में करीब 500 से 550 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
विज्ञापन

सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और कपड़ा बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। ऑटोमोबाइल शोरूमों में पहले से बुकिंग कराने वाले परिवार वाहनों की डिलीवरी लेने पहुंचे। इस दौरान 700 से अधिक कारों और 4500 से ज्यादा मोटरसाइकिलों की डिलीवरी हुई। बाजारों में खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा और कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।
धनतेरस पर धातु खरीदने की परंपरा के चलते बर्तन और सराफा बाजारों में विशेष रौनक रही। तांबे, पीतल, स्टील और चांदी के बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। पूजा के कलश, थाली और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की खूब बिक्री हुई।
विज्ञापन

सोने-चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और हल्के वजन के आभूषणों की भी अच्छी मांग रही। लोगों ने शगुन और निवेश के उद्देश्य से खरीदारी की। रियल एस्टेट क्षेत्र में भी लोगों ने नए फ्लैट, प्लॉट और व्यावसायिक जगहों के लिए पजेशन लिया और नई बुकिंग कराई।
ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में रही धूम
ऑटोमोबाइल कारोबार के लिए धनतेरस खास रहा। पहले से कार, बाइक और स्कूटर की बुकिंग कराने वाले लोग परिवार के साथ शोरूम पहुंचे और वाहनों की डिलीवरी ली। शोरूमों के बाहर नई गाड़ियों की कतारें लगी रहीं। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में स्मार्ट टीवी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, ओवन और स्मार्टफोन की खूब बिक्री हुई। घरेलू उपकरणों पर कंपनियों की ओर से दिए जा रहे त्योहारी ऑफरों ने भी ग्राहकों को आकर्षित किया।
महिलाओं ने भी जमकर की खरीदारी
धनतेरस पर बाजारों में महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी रही। बर्तन, आभूषण, कपड़ों और सजावटी सामान की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ रही। घरों को सजाने के लिए झालर, डिजाइनर दीये, रंगोली के रंग, वंदनवार और कृत्रिम फूलों से बनी सजावटी वस्तुओं की खूब बिक्री हुई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सुख-समृद्धि और आरोग्य का प्रतीक मानी जाने वाली झाड़ू और सेंधा नमक की भी लोगों ने खरीदारी की। मिठाई की दुकानों पर काजू कतली, मोतीचूर के लड्डू और ड्राई फ्रूट्स के पैक खरीदने के लिए ग्राहकों की कतारें लगी रहीं।
-
धनतेरस पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में अच्छी बिक्री हुई है। शहर में चार हजार से ज्यादा बाइक बिकी हैं। हमारे दो शोरूमों से ही 2500 बाइक की डिलीवरी की गई है। अभी दो दिन और खरीदारी जारी रहेगी।
- सीताराम, संचालक, हीरो शोरूम।
-
धनतेरस पर सराफा कारोबार पूरी तरह गुलजार रहा। लोगों ने सोने-चांदी की अच्छी खरीदारी की। शहर के सभी ज्वेलर्स के पास अच्छा काम रहा। लोग अपनी भावी योजनाओं के अनुसार भी आभूषण बनवा रहे हैं।
- रामनिवास रोड़ा, प्रधान, स्वर्णकार संघ हिसार।
-
शहर में धनतेरस का कारोबार अच्छा रहा। करीब 550 करोड़ रुपये के बीच कारोबार हुआ है। इसमें सराफा और ऑटोमोबाइल सेक्टर के साथ आम जरूरत के सामान का कारोबार भी शामिल है।
विज्ञापन

- बजरंग दास गर्ग, प्रांतीय प्रधान, हरियाणा व्यापार मंडल।
-
धनतेरस पर कारोबार का अनुमान
कारोबार
अनुमानित बिक्री
ऑटोमोबाइल
100 करोड़ रुपये तक
सराफा कारोबार
100 करोड़ रुपये तक
रेडीमेड व कपड़ा कारोबार
8 से 10 करोड़ रुपये
इलेक्ट्रॉनिक्स व होम अप्लायंसेज 18 से 20 करोड़ रुपये
बर्तन व सजावटी सामान
8 से 10 करोड़ रुपये
ड्राई फ्रूट्स एवं मिठाइयां
10 से 12 करोड़ रुपये
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें