हांसी गढ़ी रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के लिए पहुंचे उत्तर रेलवे के जीएम शोभन चौधरी
हांसी। हांसी महम रोहतक रेलवे लाइन के निरीक्षण के लिए उतर रेलवे के जीएम शोभन चौधरी पहुंचे। उन्होंने गढ़ी रेलवे स्टेशन पर लगे पैनल की जांच की। वहीं रेलवे स्टेशन की अन्य सुविधाओं की भी जांच की।
रेलवे लाइन के निरीक्षण के लिए जीएम रेलवे कार के माध्यम से करीब पौने एक बजे गढ़ी रेलवे स्टेशन पहुंचे। गढ़ी पहुंचने से पहले उन्होंने महम में बने नए रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने रेलवे स्टेशन पर बने स्टेशन मास्टर के रूम व पैनल की जांच की। जिसके बाद वह करीब सवा एक बजे हांसी में पहुंचे। यहां करीब 15 मिनट तक रुके व इसके बाद रोहतक लौटे। रोहतक पहुंचने से पहले मोखरा मदीना में नई बनी रेलवे कॉलोनी की जांच भी की।
इस दौरान उनके साथ उत्तर रेलवे के दिल्ली डिवीजन के डीआरएम सुखविंद्र व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। बता दें कि हांसी महम रोहतक रेलवे लाइन का काम करीब तीन पहले ही पूरा हो चुका है। इस नए रेलवे लाइन पर नियमित मालगाड़ियां दौड़ रही हैं। करीब चार से पांच मालगाड़ी प्रतिदिन इस नए रेलवे लाइन से गुजरती हैं। रेलवे के अनुसार मार्च महीने तक रेलगाड़ियां दौड़ सकती हैं। इस नए रेलवे लाइन पर दो रेलगाड़ी का शेड्यूल जारी हो चुका है, लेकिन रेलगाड़ी कब से चलेगी इसके बारे में रेलवे ने जानकारी नहीं दी है। इस रूट पर रेलगाड़ी चलने से दिल्ली की ट्रेन से दूरी 20 किलोमीटर कम हो जाएगी।