हरियाणा के हिसार में चौधरीवास गांव के पास एक नर्सिंग हॉस्टल में रहने वाली छात्रा की छत से गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा फोन पर बात कर रही थी कि अचानक उसका पैर फिसल गया। जख्मी हालत में उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से रेवाड़ी के राजीयाता गांव की रहने वाली 23 वर्षीय शीतल चौधरीवास गांव के पास एक नर्सिंग कॉलेज में बीएससी तृतीय वर्ष में पढ़ती थी। रविवार रात करीब आठ बजे वह फोन पर बातचीत करते हुए हॉस्टल की छत पर चली गई।
काफी देर तक जब वह दिखाई नहीं दी तो छात्राओं ने उसे हॉस्टल और कमरे में तलाशा और इंचार्ज व चौकीदार को सूचना दी। इस दौरान शीतल हॉस्टल की दीवार के पास गंभीर हालत में मिली। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।