हिसार। गांव पाबड़ा क्षेत्र की गैस एजेंसी से घरेलू गैस सिलिंडर्स के वितरण में भेदभाव और गड़बड़ी का आरोप लगा है। सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने के बाद ही ग्रामीणों को गैस मिल सकी।
संदीप कुमार, प्रदीप कुमार, प्रवीन नहला, सम्मत दास आदि ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से उनके गांव में गैस वितरण वाहन नहीं पहुंचा। इस कारण वह शनिवार को गांव पाबड़ा स्थित भारत गैस एजेंसी के गोदाम पर पहुंचे। वहां पर 20 से अधिक उपभोक्ता खाली सिलिंडर लेकर इंतजार करते मिले।
दोपहर होने के बावजूद सिलिंडर न मिलने पर उन्होंने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। इसमें सीएम फ्लाइंग से आरोप की जांच कराने की मांग की गई। इस शिकायत की प्रतिलिपि एजेंसी कार्यालय में भी दी गई। तब तक अधिकतर उपभोक्ता खाली सिलिंडर लेकर लौट गए तभी एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बचे उपभोक्ताओं को सिलिंडर बांटे। हालांकि एजेंसी प्रबंधन ने आरोप को नकारते हुए व्यवस्था बनाए रखने का दावा किया है।