हिसार। नगर निगम का शहर को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान लगातार जारी है। बुधवार को तहबाजारी टीम ने राजगुरु मार्केट से अतिक्रमण हटाते हुए कई दुकानदारों का सामान जब्त किया। कार्यालय सहायक सुरेंद्र वर्मा के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की शुरुआत राजगढ़ रोड से की गई थी। इसके बाद टीम ने पारिजात चौक, सुभाष मार्केट, शास्त्री मार्केट, बिश्नोई मंदिर मार्केट, नागोरी गेट से गुलाब सिंह चौक, पूजा मार्केट, चौधरी मार्केट, तेलियान पुल मार्केट और राजगुरु मार्केट से अतिक्रमण हटाया।
इस दौरान कुछ दुकानदारों ने चेतावनी के बावजूद सामान बरामदों और दुकानों के बाहर रखा, जिसे जब्त कर लिया गया। टीम ने शाम 5 बजे तक अभियान जारी रखा। अतिक्रमण मुक्त करने की यह कार्रवाई बाजारों में पैदल चलने वालों और ग्राहकों के लिए सुविधाजनक रही है। अभियान के पहले दिन सोमवार को निगम ने दुकानदारों से अपील कर सामान हटाने को कहा था। मंगलवार से सामान जब्त की कार्रवाई शुरू की गई। अतिक्रमण हटाने के लिए निगम द्वारा पहले भी मुनादी करवाई गई थी।