हांसी के त्रिकोणा पार्क पर स्थिति खटीक समाज की धर्मशाला चुनाव को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। पुलिस की मौजूदगी में तलवारें चलीं, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जगदीश बुंदेला ने बताया कि पिछले दिनों खटीक समाज के लोगों ने उन्हें धर्मशाला का प्रधान चुना था। मगर कुछ लोग जबरदस्ती धर्मशाला पर कब्जा करना चाहते हैं। जिसका मामला कोर्ट में चल रहा है। कोर्ट में चुनाव को लेकर 31 नवंबर की तारीख दी हुईं है। ये लोग शनिवार को चुनाव करवा रहे थे। जगदीश बुंदेला ने बताया कि सुबह नौ बजे दूसरे गुट के लोगों ने धर्मशाला का ताला तोड़ दिया। जिसके बाद बहस बाजी शुरू हो गई।
जगदीश बुंदेला ने बताया कि कुछ देर बाद स्विफ्ट कार में सवार होकर युवक आए। उनके हाथों में तलवारें, लाठी डंडे थे। उन्होंने हमारे साथियों पर हमला कर दिया जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बुंदेला ने कहा कि मौके पर पुलिस की टीम भी मौजूद थे, उनके सामने ही हमारे लोगों पर हमला किया गया। चारों घायलों को नागरिक अस्पताल लाया गया जहां से चिकित्सकों ने उन्हें हिसार रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने घायलों के परिजनों से सारी घटना की जानकारी ली। पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।