हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में ठेकेदार मुकेश बंसल की चारों कंपनियों को शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने ब्लैक लिस्ट में डाल दिया है। इन कंपनियों को अगर कोई टेंडर देगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। चारों फर्मों को ब्लैक लिस्ट में डालने के लिए स्थानीय निकाय ने गुरुवार को आदेश जारी किए। यह आदेश प्रदेश के सभी निगम, परिषद व पालिकाओं के अधिकारियों को जारी किए गए हैं।
विभाग की ओर से जारी आदेश में मैसर्स मुकेश कुमार कांट्रेक्टर, दी स्वच्छ हरियाणा कोऑपरेटिव, दी रोहणी कोऑपरेटिव सोसायटी और संदीप बंसल कांट्रेक्टर को कोई टेंडर न देने के लिए कहा गया है। यह चारों फर्में शहर में बीते वर्षों में बहुत चर्चा में रही हैं। बीते चार वर्ष में ठेकेदार मुकेश बंसल की चारों फर्मों ने शहर में करीब 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के टेंडर लिए थे।
यह भी पढ़ें : Bahadugarh: बहादुरगढ़ पुलिस ने अलीगढ़ में पकड़ी अवैध हथियार फैक्टरी, एक गिरफ्तारी से यूं खुला राज
पूर्व चेयरमैन निर्मला सैनी के कार्यकाल में जितने विकास कार्य हुए, उनमें से अधिकांश टेंडर इसी फर्म के पास हैं। चर्चित काली देवी रोड घोटाले में भी इसी ठेकेदार की कंपनी कार्यरत थी। अब ठेकेदार की चारों कंपनियों को शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने ब्लैक लिस्ट में डाल दिया है। पूरे हरियाणा में अब इनकी चारों कंपनियों को कोई टेंडर नहीं दिया जाएगा।