पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला।
- फोटो : अमर उजाला
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश की राजनीति में जिस प्रकार के हालत बन रहे हैं, उससे ये अंदाजा लगता है कि प्रदेश सरकार जल्द गिर जाएगी और मध्यावधि चुनाव होंगे। इसीलिए सभी कार्यकर्ता एकजुटता से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं।
पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला सोमवार को सिरसा रोड स्थित ताऊ देवीलाल सदन में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से बुधवार को ऐलनाबाद में होने वाली जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि आज जाति, धर्म और मजहब से ऊपर उठकर 36 बिरादरी के लोग कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इनेलो किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
इशारों में जजपा पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे रास्ता भटके और रूठे लोगों को वापस पार्टी में शामिल कर लें। हमारा किसी से द्वेष नहीं है। उन्होंने बिना नाम लिए जजपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि इनेलो रूपी पौधा चौधरी देवीलाल का ही लगाया हुआ है। कार्यकर्ताओं ने इसे अपने खून से सींचा। मगर बदकिस्मती ये रही कि आपकी मेहनत का जब फल मिलना शुरू हुआ तो कुछ लुटेरे उस फूल को लूट ले गए।
तीनों कृषि कानून वापस ले सरकार : चौटाला
पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि सरकार किसानों की मांगों को शीघ्र मानते हुए इन तीनों कृषि कानूनों को वापस ले ताकि अन्नदाता सुविधापूर्ण रह सके। आज किसानों का आंदोलन जन आंदोलन बन चुका है और जन आंदोलन को कभी भी दबाया नहीं जा सकता है। जो सरकार जनता की आवाज को अनसुना कर देती है, जनता भी उस सरकार को सत्ता से बाहर कर देती है।