इंडिया गंठबधन के हिसार लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी जयप्रकाश ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान सहित कई पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक मौजूद रहे।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान के नेतृत्व में जयप्रकाश के लिए ब्लू बर्ड होटल से कांग्रेस भवन तक जुलूस निकाला गया। जेपी के नामांकन के दौरान रणदीप, किरण चौधरी, सैलजा सहित उनके गुट के नेता गायब रहे।
रोड शो के दौरान हाउसिंग बोर्ड सिरसा रोड, अनाज मंडी, क्लॉथ मार्केट, तलाकी गेट, नागोरी गेट, पारिजात चौक, गणेश मार्केट, रानी लक्ष्मीबाई चौक, फव्वारा चौक होते हुए कांग्रेस भवन पहुंचे। रास्ते में हर स्थान पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी जय प्रकाश सहित अन्य नेताओं का फूलमालाओं के साथ स्वागत किया गया।
लोगों ने दुकानों की छतों से कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने फूलों की वर्षा की। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आप लोग जेपी को जिता दो, आने वाले विधानसभा में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार मैं थारी ल्या दूंगा। जयप्रकाश जैसा ईमानादार, बहादुर और काम करने वाला आदमी थामनै कड्यै कौनी मिलै।
जयप्रकाश को जीताकर संसद में भेजने का काम करो थारै सारे काम बणंगै। उन्होंने भाजपा के 400 के दावे पर कहा कि साऊथ में हाफ, नार्थ में हाफ बीजेपी का गिर गया ग्राफ। जजपा के खिलाफ जांच के सवाल पर पूर्व सीएम ने कहा कि यह दिखावा है। जनता दोनों की नौटंकी को अच्छी तरह से समझ चुकी है। मुकाबला कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों में हैं।
बचे हुए सभी वोट काटू हैं। सभी प्रत्याशी हुड्डा गुट से उतारे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति नहीं कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। केंद्रीय आलाकमान के फैसले के अनुसार प्रत्याशी उतारे हैं।