हांसी। एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि 79वां स्वतंत्रता दिवस पर उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में किया जाएगा। 8 अगस्त को राजकीय महाविद्यालय में ही सांस्कृतिक टीमों का चयन किया जाएगा। 13 अगस्त को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल का आयोजन होगा।
एसडीएम राजेश खोथ स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के लिए लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक की। उन्होंने कहा कि इसी महाविद्यालय में 13 अगस्त को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल का आयोजन होगा। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को डॉक्टरों की टीम सहित एंबुलेंस गाड़ी की व्यवस्था करने, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को फायर ब्रिगेड की गाड़ी की व्यवस्था करने, पुलिस विभाग को यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
नगर परिषद के अधिकारियों को शहीदी स्मारक की साफ सफाई करने, शहर के सभी चौराहों को सजाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि जिन अधिकारियों व कर्मचारियों ने सराहनीय कार्य किए हैं उनकी सूची 8 अगस्त तक भिजवाएं। बैठक में डीएसपी विनोद शंकर, नायब तहसीलदार दयाचंद आदि मौजूद रहे।