बास। रविवार को गांव पुठ्ठी के पास गैंगवार में हुए डबल मर्डर में पुलिस ने पांच टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को आरोपियों को पकड़ने के लिए कई जगह दबिश दी गई। अभी तक पुलिस को कामयाबी हाथ नहीं लगी है। पुलिस साइबर सेल मृतकों के मोबाइल को अनलॉक कर उनसे भी डाटा जुटाने का प्रयास कर रही है। सोमवार को निंदाना निवासी अमित उर्फ गबदू व संदीप के शवों के हांसी के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले किया गया।
रविवार को गांव पुट्ठी के पास पांच-छह बदमाशों ने गांव निंदाना निवासी संदीप व अमित उर्फ गबदू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों शवों को हांसी के सामान्य हॉस्पिटल में भेजवा दिया था, जिनका रविवार को पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। सोमवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम करवा कर उनके परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में डीसी गैंग के सरगना संदीप उर्फ डीसी, अशोक उर्फ शोकी व पांच छह अन्य युवकों के खिलाफ हत्या, हत्या की साजिश रचने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी थी। बास थाना की दो टीमें, एक टीम हांसी सीआईए, एक टीम साइबर सेल सहित अन्य पांच टीमें बनाई गई हैं। पुलिस ने दोनों मृतकों के मोबाइल अपने कब्जे में लिए हुए हैं। साइबर सेल की टीम उनको अनलॉक कर उनकी भी जांच करने में प्रयास कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के डंप भी उठाए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में सड़क पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है।
वर्जन...
दोनों के शव का पोस्टमार्टम करवा कर उनके शवों को परिजनों के हवाले कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है। उसके बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। आरोपियों को पकड़ने के लिए 5 टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
नरेंद्र पाल, थाना प्रभारी, बास।