five new dengue patient found in district, total 17
- फोटो : Hisar
शहर में शुक्रवार को डेंगू के पांच नए मरीज मिले, जो अलग-अलग कॉलोनियों से मिले हैं। फिलहाल विभाग द्वारा इन सभी जगहों पर फोगिंग करवा दी है। इस रोग से पीड़ित ज्यादातर मरीज प्राइवेट अस्पताल में दाखिल हैं और वही से इनके सैंपल जांच के लिए आए थे। बता दें कि अब तक जिले में डेंगू के 17 और मलेरिया का एक मरीज मिल चुका है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू और मलेरिया जांच के लिए डेंगू टेस्ट के अलावा दवा संबंधित अन्य सभी सुविधाएं निशुल्क है। हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना के साथ डेंगू के चार्ज भी निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत डेंगू टेस्ट के लिए 250 रुपये और कोरोना टेस्ट के लिए 1200 रुपये निर्धारित हैं।
बढ़ते डेंगू के मामलों को लेकर की बैठक
जिले में बढ़ते डेंगू के मामलों को लेकर मलेरिया विभाग अधिकारी और अस्पताल के अन्य स्टाफ के साथ शुक्रवार दोपहर को एक बैठक की। इस दौरान अधिकारियों ने कोरोना के साथ साथ डेंगू व मलेरिया जांच पर भी ज्यादा फोकस करने और लगातार अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान नोडल अधिकारी डॉक्टर सुभाष खटरेजा, हेल्थ इंस्पेक्टर आरडी जांगड़ा, हेल्थ इंस्पेक्टर रमेश कुंडू, सुखबीर सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
मलेरिया जांच के लिए करीब 7000 किट मौजूद
फिलहाल विभाग के पास मलेरिया जांच के लिए करीब 7000 किट मौजूद हैं। हेल्थ इंस्पेक्टर आरडी जांगड़ा ने बताया कि पिछले वर्ष विभाग के पास 10 हजार किट आई थी। यदि किसी व्यक्ति में मलेरिया संदिग्ध लक्षण हो तो उसका ब्लड सैंपल लेकर इस किट से जांच की जाती है और जिसकी रिपोर्ट करीब आधे घंटे बाद आती है।