हांसी। सीआईए टीम ने दो अलग-अलग मामलों में 7 किलो 97 ग्राम गांजा सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में एक दंपती भी है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया।
पुलिस प्रवक्ता कुलदीप ने बताया कि सीआईए टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बाइक पर पटेल चौक से हनुमान कॉलोनी में नशा करने का पदार्थ लेकर जाएंगे। जांच के लिए टीम का गठन कर हनुमान कॉलोनी में नाकाबंदी की गई। सूचना के आधार पर बताए गए मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों को रुकवाकर हिरासत में लिया। व्यक्तियों के पास एक बैग मिला। मौके पर राजपत्रित अधिकारी के सामने नियमानुसार तलाशी ली गई तो आरोपियों से 2 किलो 97 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जींद के दुर्जनपुर निवासी हरदयाल व न्यू सुभाष नगर निवासी अनिकेत के रूप में हुई है।
वहीं दूसरे मामले में सीआईए टीम ने दयाल सिंह कॉलोनी में 5 किलो गांजा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सिसाय कालीरामन निवासी रामदिया व उसकी पत्नी आशा और लोहारी राघो निवासी सचिन को गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति थोड़ी देर में गांव सिसाय से दयाल सिंह कॉलोनी में मोटरसाइकिल पर नशे का पदार्थ लेकर जाएंगे है। सूचना पर दयाल सिंह कॉलोनी में नाकाबंदी की गई। वहां जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से 5 किलो गांजा बरामद हुआ।