आजाद नगर थाना में पूर्व सरपंच इंद्रसिंह के साथ आए गांव डाबड़ा के ग्रामीण।
- फोटो : Hisar
गांव डाबड़ा में बस और कार के बीच हुई टक्कर के बाद हुई कहासुनी से गुस्से में आए कंवारी गांव के युवकों ने डाबड़ा के पूर्व सरपंच इंद्र सिंह पर गोली चला दी। हालांकि पूर्व सरपंच इस दौरान नीचे बैठ गए, जिससे वे बाल-बाल बच गए। मामले को लेकर एक बार तो दोनों गांवों के लोगों के बीच तनाव का माहौल बन गया, लेकिन कुछ वरिष्ठ लोगों की सूझबूझ से मामले ने तूल नहीं पकड़ा। वहीं, पूर्व सरपंच ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी युवक हरदीप सहित अन्य पर केस दर्ज करवा दिया है। आजाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बस चालक ने कार को मार दी थी टक्कर
शिकायतकर्ता डाबड़ा निवासी पूर्व सरपंच इंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी आई-टेन कार से गांव से हिसार आ रहा था। वह गांव के बस स्टैंड से मुड़ा ही था कि पीछे से आ रही प्राइवेट बस के चालक ने कार को टक्कर मार दी। वह कार से नीचे उतरकर बस ड्राइवर से पूछने लगा कि तुम्हें दिखता नहीं क्या। तभी ड्राइवर के साथ बैठे गांव कंवारी निवासी हरदीप ने गालियां देनी शुरू कर दीं। इस बीच गांववालों ने बीच-बचाव करते हुए उसे बस से नीचे उतार दिया। इस दौरान हरदीप ने उससे कहा कि अपने आदमी बुलाता हूं, तुझे देख लूंगा। तभी वह बस स्टैंड स्थित एक दुकान पर बैठ गया। आधे घंटे बाद स्कॉर्पियो गाड़ी से चार लड़के नीचे उतरे और हाथ में पिस्तौल लिए हुए उसकी तरफ भागे। इस पर पूर्व सरपंच ने अपनी दुकान के अंदर भागकर शटर बंद कर लिया। आरोपियों ने बाहर खड़े होकर धमकी दी कि बाहर निकल तुझे मारेंगे। तभी गांव के कई लोग वहां इकट्ठा हो गए, जिन्हें देखकर वे गाड़ी लेकर गांव से बाहर चले गए।
थोड़ी देर बाद फ्लोर मिल के सामने चलाई गोली
पूर्व सरपंच ने शिकायत में बताया कि कुुछ देर बाद वह सुरेश, प्रदीप, राजेंद्र, देशराज के साथ गांव के साथ में बने फ्लोर मिल के सामने बंद पड़े पेट्रोल पंप पर जाकर बैठ गए। तभी तोशाम की ओर से वही स्कॉर्पियो, एक बोलेरो और एक छोटी गाड़ी उनकी तरफ आई। स्कॉर्पियो चालक ने उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की तो उन्होंने दूसरी तरफ होकर जान बचाई। पूर्व सरपंच ने शिकायत में बताया कि इसके बाद स्कॉर्पियो से चार युवक उतरे और उनमें से एक आरोपी ने साथियों से मुझे पकड़ने के लिए कहा। तभी हरदीप ने गाड़ी से पिस्तौल निकाली और उसकी तरफ गोली चला दी। इस पर वह नीचे बैठ गया और गोली ऊपर से निकल गई। गोली की आवाज सुनकर गांववाले वहां से भागने लगे तो उन्होंने उनके ऊपर भी पीछे से फायरिंग कर दी और कहा कि कल फिर मिले तो जान से मार देंगे।
पूर्व सरपंच इंद्रसिंह की शिकायत मिली है। बस चालक ने पूर्व सरपंच की कार को टक्कर मार दी थी। पहले तो उनके बीच समझौता भी हो गया था। मगर बस में बैठा एक लड़का पूर्व सरपंच को गालियां देने लगा तो गांववालों ने धमका दिया। इसके बाद लड़के ने उन पर फायरिंग की है। हमने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
- सुरेश कुमार, एसआई एवं जांच अधिकारी, आजाद नगर थाना।