हांसी। आग की घटनाओं से निपटने के लिए वीरवार को लघु सचिवालय में एसडीएम राजेश खोथ के नेतृत्व में फायर मॉक ड्रिल हुई। उन्हें आगजनी की घटना से निपटने के लिए आवश्यक टिप्स व फायर सेफ्टी यंत्रों का उपयोग करने बारे प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया गया।
हाल ही में लघु सचिवालय में फायर सुरक्षा सिस्टम स्थापित करवाया गया है। मॉक ड्रिल से इस व्यवस्था को भी परखा गया। सबसे पहले कृत्रिम रूप से धुएं की व्यवस्था की गई। जैसे ही धुआं स्मोक डिटेक्टर यंत्र तक पहुंचा, बिल्डिंग में सायरन बजाना शुरू हो गया। तमाम विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी ग्राउंड फ्लोर पर एकत्रित हो गए।
मॉक ड्रिल दोपहर को करीब डेढ़ घंटा की गई। मॉक ड्रिल के चलते कार्यालय में कामकाज प्रभावित रहा। पूर्व सूचना न होने के कारण वहां काम करवाने आए लोगों को इंतजार करना पड़ा।
एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि आपदा कभी भी सूचना देकर नहीं आती है इससे निपटने के लिए नवीनतम जानकारी के साथ सतर्क रहें। ऐसा करके बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है।
उन्होंने कहा कि संयुक्त कार्यालय परिसर भवन जिला की पहली राजस्व बिल्डिंग है, जिसको फायर सुरक्षा प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। पूरे भवन में स्मोक डिटेक्टर लगाए गए हैं। बिल्डिंग परिसर में धुआं उठने की स्थिति में सायरन बजेगा। भवन के हर फ्लोर पर पर्याप्त अग्नि सुरक्षा यंत्र लगाए गए हैं। इनके अलावा प्रत्येक फ्लोर पर फायर हाइड्रेंट और प्राथमिक उपचार होजरी सिस्टम भी स्थापित किए गए हैं। इसमें डीएसपी राज सिंह, डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई व विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।