सिवानी से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर खंडवी गांव में स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्ररी में विस्फोट होने से एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं बच्ची की मां झुलस गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। हादसे के समय फैक्टरी में करीब 7 मजदूर काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार फैक्टरी में बारुद से पटाखे बनाने का काम चल रहा था। 5 से 7 मजदूर काम कर रहे थे। इसी बीच बारूद ने आग पकड़ ली। जिसके कारण फैक्टरी में धमाका हो गया। कुछ मजदूर बाहर निकलने में कामयाब हो गए जबकि महिला और छोटी बच्ची बाहर नहीं निकल पाए। बच्ची रीना की मौके पर मौत हो गई। महिला रानी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
धमाके के बाद पुलिस, एसएचओ और उनकी टीम ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि धमाके के बाद फैक्टरी से पोटेशियम और अन्य विस्फोटक पदार्थ बरामद हुए हैं। धमाके के बाद फैक्टरी मालिक ने आनन-फानन में कुछ पदार्थों को छिपाने का प्रयास किया। इस फैक्टरी के अवैध होने की सूचना मिलने पर कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री के उड़नदस्ते ने छापा मारा था।