खुले में कचरा डालने पर फाइनेंस कंपनी का चालान करती एएसआई विजेता।
हिसार। नगर निगम कर्मचारियों ने बुधवार को निजी फाइनेंस कंपनी के स्टाफ को खुले में कचरा डालने से रोका तो उन्होंने दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद पुलिस बुलानी पड़ी और चालान काटा गया। बाद में कर्मचारी निगम कार्यालय पहुंचे और माफी मांगते हुए भविष्य में खुले में कचरा न डालने का आश्वासन दिया।
नगर निगम में एएसआई विजेता और हेल्पर विशाल गुरू नानक स्कूल के पास सफाई निरीक्षण कर रहे थे। मुथूट फाइनेंस कंपनी का एक कर्मचारी खुले में कचरा डालते पकड़ा गया। चालान की चेतावनी पर कर्मचारी भड़क गए और वीडियो रिकॉर्डिंग रोकने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बुलाई गई और चालान काटा गया।
कंपनी की मैनेजर अनिता बिश्नोई, जेईआरई मनजीत और अन्य अधिकारी निगम कार्यालय में माफी मांगने पहुंचे। अतिरिक्त आयुक्त शालिनी चेतल ने कर्मचारियों से माफी के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।
स्वच्छता के नियम तोड़ने पर किए 7 चालान
उधर, स्वच्छता नियमों को तोड़ने पर निगम ने 7 लोगों के चालान किए। बगला रोड पर खुले में कचरा फैलाने पर एक व्यक्ति का 5 हजार रुपये का चालान किया गया। इसके अलावा पड़ाव चौक, जहाजपुल चौक व जलेबी चौक क्षेत्र में डस्टबिन प्रयोग न करने पर 6 दुकानदारों पर जुर्माना किया गया। अभियान में एएसआई कपिल, प्रवीण व सरोज, सीटीएल प्रदीप जाखड़ और तकनीकी एक्सपर्ट जसबीर कुंडू शामिल रहे।