नारनौंद। गांव सुलचानी में महज 400 रुपये के लेन-देन के विवाद में 60 वर्षीय दलवीर सिंह और उनकी पुत्रवधू सुनीता घायल हो गए। नारनौंद थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी और जांच अधिकारी रमेश कुमार के अनुसार, दलवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा रणबीर बीमार रहता है। 22 फरवरी सुबह करीब 7:30 बजे सुमित ने फोन कर रणबीर से 400 रुपये मांगने की बात कही। दलवीर ने कहा कि उनके बेटे को परेशान न किया जाए वह स्वयं पैसे दे देंगे। करीब 9 बजे दलवीर जब घर से बाहर निकले तो गांव के चौक में बारूराम, उसका बेटा सुमित और बारूराम की पत्नी रणबीर व सुनीता के साथ मारपीट कर रहे थे। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने दलवीर पर भी हमला किया।
सुमित ने डंडे से दोबारा हमला किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। मारपीट में सुनीता को गंभीर चोटें आईं। उन्हें पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खांडा-खेड़ी और बाद में नागरिक अस्पताल हिसार में भर्ती कराया गया। दलवीर का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी दी कि यदि 400 रुपये नहीं दिए गए तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे।