सीसीटीवी फुटेज में दिखते बाइक सवार लुटेरे।
- फोटो : Hisar
शहर के टोहाना मार्ग पर पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर शनिवार सुबह स्कूटी सवार दो बदमाशों ने गांव बधावड़ निवासी किसान रोशन से एक लाख 25 हजार रुपये लूट लिए।
बदमाश रोशन को लिफ्ट देने के बहाने से स्कूटी पर बैठाकर शहर से बाहर की तरफ ले आए और ब्राह्मण धर्मशाला के साथ लगती गली में रोशन से सवा लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलने के बाद डीएसपी रोहताश सिहाग व थाना प्रभारी प्रह्लाद राय मौके पर पहुंचे व घटना स्थल का जायजा लिया। वहीं स्कूटी सवार बदमाश शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में किसान गांव बधावड़ निवासी रोशन ने बताया कि वह अनाज मंडी से सवा लाख रुपये लेकर पैदल ही दौलतपुर मार्ग की तरफ चल पड़ा। यह राशि उसे एक भैंस के लिए दौलतपुर के किसी व्यक्ति को देनी थी। इस बीच बिजली निगम के कार्यालय के सामने से रोशन ने एक बाइक सवार से लिफ्ट ली व कपड़ा मार्केट के सामने पहुंच गया। यहां से रोशन जब पुराना बस अड्डा की तरफ पैदल जा रहा था। रोशन के अनुसार तभी एक काले रंग की स्कूटी चला रहा युवक उसके पास रुका व उससे कोई पता पूछने लगा। तभी वहां एक अन्य व्यक्ति भी आ गया व रोशन को यह कहकर स्कूटी पर बैठा लिया कि मुझे पता है यह क्या पूछ रहा है, तुम स्कूटी पर बैठो, इसे वह जगह बता देंगे। तभी दोनों व्यक्तियों ने रोशन को स्कूटी के बीच में बैठा लिया व टोहाना मार्ग की तरफ चल पड़े। इस बीच पुलिस चौकी के सामने स्थित ब्राह्मण धर्मशाला के साथ लगती गली के मोड़ पर स्कूटी सवारों ने स्कूटी रोककर रोशन से सवा लाख रुपयों की नकदी छीन ली। इस बीच तीन चार अन्य युवक बाइक पर सवार होकर वहां आ गए व उससे बातचीत करने लगे। तभी स्कूटी सवार नकदी लेकर फरार हो गए। उसके शोर मचाने पर सामने पुलिस चौकी का एक जवान बाइक लेकर बदमाशों का पीछा करने लगा। इस बीच बदमाश शहर के मुख्य बाजार से होते हुए पंजाब नेशनल बैंक वाली गली से भी गुजरे। मगर बदमाश भीड़भाड़ का फायदा उठाकर भाग गए।
थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। वहीं जिस रास्ते से बदमाश वारदात के बाद गुजरे हैं, वहां की सीसीटीवी फुटेज को भी जांचा जा रहा है।