फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: रोडवेज बस के टायर के नीचे आई छात्रा ने 12वें दिन तोड़ा दम

विज्ञापन
विजेता का फाइल फोटो
विज्ञापन
हिसार। बरवाला चुंगी पर रोडवेज बस के टायर के नीचे आकर घायल हुई छात्रा विजेता ने हादसे के 12वें दिन शनिवार को दम तोड़ दिया। जिंदल अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। विजेता जीजेयू से बीएससी साइकोलॉजी की पढ़ाई कर रही थी और सोनीपत के विशाल नगर की रहने वाली थी।
विज्ञापन

जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर दिया गया है। रविवार को परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा। सिटी थाना से जांच अधिकारी अमित कुंडू ने बताया कि छात्रा की मौत के बाद मामले में लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मौत होने की धारा भी जोड़ दी गई है।
विजेता 29 सितंबर को रोहतक डिपो की बस में सवार होकर हिसार आ रही थी। बरवाला चुंगी पर उतरते समय चालक ने बस चला दी, जिससे वह पिछले टायर के नीचे आ गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से भाग गए और छात्रा टायर के नीचे दबी रही। मौके पर मौजूद एक वाहन चालक ने बस को पीछे किया, जिसके बाद विजेता को टायर के नीचे से निकाला जा सका।
विज्ञापन

सूचना मिलने पर उसकी बुआ का बेटा प्रवीण मौके पर पहुंचा और उसे जिंदल अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे में विजेता के शरीर से काफी खून बह गया था और उस समय उसके शरीर में मात्र तीन ग्राम खून बचने की बात सामने आई थी। पेट से नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। उसी रात उसकी कूल्हे की हड्डी और मूत्राशय का ऑपरेशन किया गया।
चिकित्सक लगातार उसकी निगरानी कर रहे थे लेकिन हालत में खास सुधार नहीं हो रहा था। आखिरकार शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। विजेता के पिता और पेशे से ट्रांसपोर्टर राकेश ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। विजेता की दो बहनें शादीशुदा हैं और उसका एक भाई भी है।
छात्रों ने बंद किया था बस स्टैंड का गेट
छात्रा विजेता के हादसे में घायल होने के बाद छात्रों ने बस स्टैंड का गेट बंद कर प्रदर्शन किया था। इसके बाद बस चालक को ड्यूटी से हटा दिया गया था, जबकि परिचालक को निलंबित कर दिया गया था। साथ ही छात्रा के इलाज पर होने वाले खर्च को वहन करने का आश्वासन भी दिया गया था।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें